UP में 320 सीटें पार करेगी BJP? CM योगी आदित्यनाथ ने किया बड़ा दावा, बताया कौन लोग हैं विकास के खिलाफ?
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया है कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) अपने सहयोगी दलों के साथ मिलकर 320 से ज्यादा सीटें जीत सकती है। उनका कहना है कि राज्य में बीजेपी की लगातार तीसरी बार सरकार बनने को लेकर कोई शक नहीं है। राइजिंग भारत समिट में बातचीत के दौरान योगी ने यह भरोसा जताया।
जब उनसे पूछा गया कि क्या बीजेपी आगामी विधानसभा चुनाव में 320 सीटों का आंकड़ा पार कर पाएगी, तो उन्होंने कहा कि चुनाव इसी दिशा में आगे बढ़ रहा है और इसमें कोई शक नहीं है। सीएम योगी ने साफ कर दिया कि पार्टी इस बार भी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरेगी। यूपी में विधानसभा की कुल 403 सीटें हैं। ऐसे में 320 सीटों का आंकड़ा पार करने का मतलब होगा कि बीजेपी और उसके सहयोगी दलों को करीब 80 फीसदी सीटें हासिल करनी होंगी।

320 सीटों के लिए क्या होगा BJP का चुनावी एजेंडा?
सीएम योगी आदित्यनाथ ने साफ संकेत दिया कि 2027 के चुनाव में बीजेपी का मुख्य फोकस कानून-व्यवस्था और पिछली सरकारों के कामकाज पर रहेगा। उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी जनता के सामने पुराने और मौजूदा उत्तर प्रदेश के बीच का अंतर रखेगी।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सपा और कांग्रेस की सरकारों के समय प्रदेश में जंगलराज, गुंडाराज, कर्फ्यू और दंगों का माहौल रहता था। बीजेपी अपने चुनाव प्रचार में इन्हीं मुद्दों को उठाएगी। उनका कहना था कि प्रदेश के लोगों को पिछली सरकारों के दौर और मौजूदा व्यवस्था के बीच फर्क समझाना पार्टी की रणनीति का हिस्सा होगा। सीएम योगी ने दोहराया कि बीजेपी अपने सहयोगियों के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी और लगातार तीसरी बार पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।
परिवारवाद और जातिवाद पर अखिलेश यादव को घेरा
समिट में सीएम योगी सपा पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि परिवारवाद और जाति आधारित राजनीति ने उत्तर प्रदेश को लंबे समय तक पीछे रखा। उनके मुताबिक, पहले प्रदेश की पहचान कर्फ्यू और दंगों से जुड़ गई थी।
सीएम योगी ने सपा पर तुष्टिकरण की राजनीति को बढ़ावा देने और अपराधियों को राजनीति में जगह देने का आरोप लगाया। उन्होंने महिला सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए सवाल किया कि क्या सपा सरकार के कार्यकाल में बेटियों और महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित था? मुख्यमंत्री ने खुद ही इसका जवाब देते हुए कहा कि ऐसा कभी नहीं हुआ। इस बयान का मकसद 2027 के चुनाव में कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा को बड़े चुनावी मुद्दों के तौर पर सामने रखना है।
निवेश से लेकर दंगाइयों पर कार्रवाई तक, योगी ने गिनाईं उपलब्धियां
सीएम योगी ने उत्तर प्रदेश में निवेश के माहौल की तुलना 2017 से पहले की सरकारों के दौर से भी की। उन्होंने कहा कि पिछली समाजवादी पार्टी सरकार ने इन्वेस्टर्स समिट आयोजित किया था, लेकिन उस समय कोई निवेशक प्रदेश में आने को तैयार नहीं था।
सीएम योगी ने नोएडा से जुड़े पुराने राजनीतिक चलन का भी जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार में मुख्यमंत्री नोएडा जाने से भी बचते थे और शासन चलाने के बजाय राजनीतिक मान्यताओं को ज्यादा तरजीह दी जाती थी।
दंगों और कानून-व्यवस्था पर बात करते हुए योगी ने कहा कि अब दंगा करने वालों को बख्शा नहीं जाता। उनके मुताबिक, इस बदलाव से उत्तर प्रदेश की छवि बदली है और निवेश के लिए भी प्रदेश को लेकर नई धारणा बनी है।
15-20% लोग विकास के खिलाफ, योगी ने किसे लेकर कही ये बात?
सीएम योगी ने समिट में समाज के एक वर्ग का जिक्र करते हुए कहा कि करीब 15 से 20 फीसदी लोग ऐसे हैं, जिन्हें विकास के हर काम में नकारात्मकता नजर आती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग उत्सव और खुशियों के बजाय अशांति का माहौल चाहते हैं।योगी ने कहा कि ऐसे लोगों की कोशिशें सफल नहीं होंगी। उन्होंने एक बार फिर भरोसा जताया कि बीजेपी और उसके सहयोगी दल आगामी चुनाव में निर्णायक जीत हासिल करेंगे।
2017 और 2022 के नतीजे क्या बताते हैं?
योगी के 320 से ज्यादा सीटें जीतने के दावे को समझने के लिए पिछले दो विधानसभा चुनावों के आंकड़े देखना भी जरूरी है। 2017 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने अकेले 312 सीटें जीती थीं, जबकि उसके सहयोगी दलों के साथ एनडीए का आंकड़ा 325 तक पहुंचा था।
वहीं, 2022 के चुनाव में बीजेपी की सीटें घटकर 255 रह गई थीं। सहयोगियों को मिलाकर एनडीए ने 273 सीटें हासिल की थीं। दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी ने 111 सीटें जीती थीं।इन आंकड़ों से साफ है कि बीजेपी ने 2017 में 320 से ज्यादा सीटों का आंकड़ा पार किया था, लेकिन 2022 में उसका प्रदर्शन पहले के मुकाबले कम रहा। अब योगी आदित्यनाथ का 2027 के लिए 320 से अधिक सीटों का दावा पार्टी के सामने एक बड़ा चुनावी लक्ष्य रखता है।
हालांकि, इस बार चुनावी मुकाबले में सीटों का गणित, विपक्षी गठबंधन और उम्मीदवारों का प्रदर्शन भी अहम रहेगा। फिलहाल योगी आदित्यनाथ ने अपने बयान से साफ कर दिया है कि बीजेपी तीसरी बार सत्ता में वापसी के लक्ष्य के साथ चुनावी तैयारी कर रही है।




Click it and Unblock the Notifications
