सहेलियों को हुआ 'आपस में प्यार', परिवार को पसंद नहीं था रिश्ता तो घर से भागीं
जौनपुर। सुप्रीम कोर्ट द्वारा समलैंगिक संबंधों के पक्ष में फैसला आने के बाद यूपी से दो लड़कियों के घर छोड़कर साथ भाग जाने का मामला चर्चा में है। लड़कियां एक-दूजे की सहेली थीं और उनकी दोस्ती परिजनों को पसंद नहीं थी। परिजनों ने उनकी शादी कराने के लिए लड़के खोजे, लेकिन वे दोनों मौका मिलते ही घर से फरार हो गईं।

संवाद सूत्रों के अनुसार, जौनपुर में मीरगंज थाना क्षेत्र के एक गांव की दो सहेलियों का इंट्रेस्ट एक-दूजी में हो गया। उनकी उम्र तकरीबन 22 वर्ष थी और दोनों इलाहाबाद में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करती हैं। जब परिजनों को उनके 'अलग अंदाज' की भनक लगी तो वे भौचक रह गए। दरअसल, दोनों लड़कियां किसी लड़के से नहीं बल्कि आपस में शादी करना चाहती थीं।
परिवार वालों ने एक जनी के लिए लड़का खोज लिया। लेकिन अलग होने के भय से वे दोनों शनिवार को घर से भाग गईं। जिस युवती की शादी किसी युवक से तय हुई, उसी युवती के परिजनों ने रविवार को दूसरी युवती और उसके पिता के खिलाफ अपहरण का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। अब पुलिस दोनों की तलाश में जुटी है।

नस काटकर खुदकुशी की कोशिश कर चुकी थीं
दोनों युवतियों में प्रेम इस कदर था कि एक युवती की शादी तय होने पर दूसरी ने हाथ की नस काटकर खुदकुशी की कोशिश की थी। हालांकि उस समय उसकी सहेली ने जिस युवक से शादी तय हो रही थी, उसे फोन कर बता दिया था कि उसका संबंध किसी और से है। इसके चलते वह रिश्ता टूट गया था। इधर, युवती के परिवार वालों ने फिर उसके लिए रिश्ता ढूंढ लिया। मगर वे घर से रफ्फूचक्कर हो गईं।
नहीं पता कि कहां भागीं
परिजनों ने दोनों की उनके इलाहाबाद वाले ठिकाने पर तलाश की, लेकिन वहां से नहीं मिलीं।अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण संजय राय का कहना है कि जिस युवती के अपहरण का आरोप लगाया जा रहा है, हमें सर्विलांस की मदद से उसकी दिशा का पता चला है। कोशिश है कि जल्द ही उसे बरामद कर लें।''












Click it and Unblock the Notifications