Tomato Price: नेपाल से आई बड़ी राहत, आज से यूपी में 50 रुपये प्रति किलो बिक रहा टमाटर
पिछले दो महीने से देश में टमाटर की कीमतें आसमान छू रही हैं। देश के कुछ शहरों में तो खुदरा भाव 300 रुपये किलो तक पहुंच गए थे। हालांकि जब सरकार एक्शन में आई, तो दाम कम होने शुरू हुए। हाल ही में पड़ोसी देश नेपाल से भी टमाटर की खेप आई थी। इस वजह से यूपी वालों को अब सस्ते टमाटर मिल रहे।
दरअसल सरकार की पहल के बाद 5 टन नेपाली टमाटर सड़क मार्ग से यूपी आए। जिनकी बिक्री आज (17 अगस्त) से आम जनता के लिए शुरू कर दी गई है। ये 50 रुपये प्रति किलो बेचे जा रहे। इससे जनता को बड़ी राहत मिल रही है।

सहकारी संस्था भारतीय राष्ट्रीय सहकारी उपभोक्ता संघ लिमिटेड के मुताबिक उन्होंने 10 टन टमाटर खरीद का समझौता नेपाल से किया था। जिसके तहत 5 टन की डिलीवरी हो गई। इनको मोबाइल बैन के जरिए लोगों तक बेचा जा रहा।
संस्थान के मुताबिक ये सेल सिर्फ यूपी के लिए है। देश के अन्य हिस्सों में नेपाली टमाटर नहीं बेचे जाएंगे, क्योंकि इसके पीछे एक बड़ी समस्या छिपी हुई है। दरअसल नेपाली टमाटर की उम्र बहुत कम होती है। यूपी नेपाल के पास है, ऐसे में वहां के कुछ शहरों में इसकी बिक्री होगी। अगर दूसरे राज्यों में इसे भेजा गया, तो ये रास्ते में ही खराब हो जाएंगे। हालांकि दिल्ली-एनसीआर और राजस्थान में अन्य जगहों से आयात कर टमाटर कम दाम पर बेचे जा रहे हैं।
बाजार में भी दाम हो रहे कम
कुछ दिनों पहले तक यूपी की राजधानी लखनऊ में टमाटर 180-200 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा था, लेकिन हिमाचल और मध्य प्रदेश से बड़ी खेप आ गई। जिस वजह से दाम 100-120 रुपये तक पहुंच गए। व्यापारियों का दावा है कि सप्लाई में अब सुधार हो रहा, ऐसे में अगले 15 दिनों में टमाटर की कीमतें आम आदमी को राहत देंगी।












Click it and Unblock the Notifications