मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, अगले दो घंटों में बुलंदशहर समेत यूपी-दिल्ली में हो सकती है बारिश
लखनऊ, 07 अगस्त: पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और उमस झेल रहे उत्तर प्रदेश के लोगों को थोड़ी राहत मिली है तो वहीं, बारिश की वजह से मौसम भी सुहाना हो गया है। लेकिन प्रदेश में हुई भारी बारिश की वजह से लोगों को भारी परेशानियों का सामना भी करना पड़ रहा है। एक बार फिर भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है।
Recommended Video

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो घंटों में दिल्ली, खेकरा, गुलावठी, बुलंदशहर, बागपत, चंदौसी (यूपी), बिलारी, मिलक (हरियाणा) और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम तीव्रता के साथ गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। यदि बारिश होती है तो एक बार फिर लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी और मौसम सुहाना हो जाएगा। बता दें, शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी में उमस की स्थिति रही और अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नमी का स्तर 88 प्रतिशत से 55 प्रतिशत के बीच रहा। हरियाणा और पंजाब में भी दिल्ली के समान ही मौसम रहा।
वही, यूपी में पिछले 24 घंटों में छिटपुट स्थानों पर हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की गई। जबकि कुछ स्थानों पर गरज के साथ बौछारें पड़ी। मौसम विभाग ने बताया कि देवबंद (सहारनपुर) में पांच सेंटीमीटर, गायघाट (बलिया) और प्रयागराज में चार-चार सेंटीमीटर, सलेमपुर (देवरिया) और मुजफ्फरनगर में तीन-तीन सेंटीमीटर और ललितपुर में दो सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गयी। राज्य में सबसे अधिक तापमान वाराणसी (बीएचयू) वेधशाला में 35.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि सबसे कम तापमान इटावा वेधशाला में 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सामान लेकर सुरक्षित स्थान पर जा रहे है लोग
भारी बारिश का असर प्रयागराज जिले में दिखने लगा है। यहां गंगा और यमुना नदी का जलस्तर तेजी से लगातार बढ़ रहा है। नदियों का जलस्तर बढ़ने से निचले इलाकों में पानी भर गया है। निचले इलाकों में रह रहे लोग अपना सामान लेकर सुरक्षित जगह की ओर जा रहे हैं। वहीं तेजी से बढ़ते जलस्तर के कारण जिले में बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं। हालांकि अभी दोनों नदियां खतरे के निशान से करीब चार मीटर नीचे हैं, लेकिन नदियों के किनारे बसे इलाकों में बाढ़ का पानी घुसने लगा है।












Click it and Unblock the Notifications