'लड़के हैं, गलती हो जाती है', अयोध्या मामले में सपा को घेर रही BJP, लखनऊ में लगाए होर्डिंग्स
UP Ayodhya News: उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म के मामले को लेकर प्रदेश का राजनीतिक माहौल गरमा गया है। मामले में समाजवादी पार्टी के नेता पर आरोप लगने के बाद सियासी पारा चढ़ गया है और अयोध्या से लेकर लखनऊ तक भाजपा नेता इस मामले में सपा को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।
उधर, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आरोपियों के डीएनए टेस्ट को लेकर दिए गए बयान के बाद भारतीय जनता पार्टी के नेता लगातार हमलावर हैं। रविवार को भारतीय जनता पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने नाबालिग पीड़िता के परिजनों से मुलाकात की।

इस बीच उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में समाजवादी पार्टी के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी के नेताओं की ओर से होर्डिंग्स लगाए गए हैं। लखनऊ में कुछ जगहों पर होर्डिंग्स लगाए गए हैं, जिनमें मुलायम सिंह यादव के बयान को लिखकर सवाल उठाए गए हैं।
होर्डिंग्स में लिखा गया है कि "लड़के हैं गलती हो जाती है, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव DNA टेस्ट की बात कर क्या साबित करना चाहते हैं? मुईद है गलती हो जाती है?" होर्डिंग के नीचे क्षेत्रीय उपाध्यक्ष भाजपा अवध क्षेत्र डॉक्टर श्वेता सिंह का नाम लिखा गया है।
हालांकि वन इंडिया हिंदी यह दावा नहीं कर रहा है कि ये होर्डिंग्स क्षेत्रीय उपाध्यक्ष भाजपा अवध क्षेत्र डॉक्टर श्वेता सिंह द्वारा लगाए गए हैं। फिलहाल लखनऊ में कई जगहों पर होर्डिंग्स लगाए जाने के बाद लोग अब इस मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं।
समाजवादी पार्टी के नेता अपनी बात पर अड़े
मामले में समाजवादी पार्टी के नेता मुईद खान पर आरोप लगा है। मुईद खान समाजवादी पार्टी का पदाधिकारी होने के साथ ही फैजाबाद के सांसद अवधेश प्रसाद का करीबी भी बताया जा रहा है। ऐसे में समाजवादी पार्टी द्वारा मामले की जांच करवाने की मांग की जा रही है।
समाजवादी पार्टी के नेताओं का कहना है कि इस मामले में जो भी आरोपी है उसकी जांच होनी चाहिए। किसी बेगुनाह को सजा नहीं मिलनी चाहिए। इसी मामले को लेकर अखिलेश यादव ने बीते दिनों सोशल साइट एक्स पर लिखा था कि "कुकृत्य के मामले में जिन पर भी आरोप लगा है उनका DNA TEST कराकर इंसाफ़ का रास्ता निकाला जाए न कि केवल आरोप लगाकर सियासत की जाए। जो भी दोषी हो उसे क़ानून के हिसाब से पूरी सज़ा दी जाए, लेकिन अगर DNA TEST के बाद आरोप झूठे साबित हों तो सरकार के संलिप्त अधिकारियों को भी न बख्शा जाए। यही न्याय की माँग है।"
फिलहाल अखिलेश यादव द्वारा डीएनए टेस्ट की मांग के बाद भारतीय जनता पार्टी के नेता इस मामले में समाजवादी पार्टी को घेरने का कोई मौका नहीं छोड़ना चाहते हैं। यही वजह है कि लखनऊ में जगह-जगह होर्डिंग्स लगाए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications