दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर वाहनों की घटाई जाएगी स्पीड लिमिट, NHAI को लिखा पत्र
हाईवे पर सर्दी की वजह से होने वाले हादसों की आशंका के मद्देनजर दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर कारों की स्पीड लिमिट घटाकर 75 किमी प्रति घंटा करने की मांग की गई है।

Delhi-Meerut Expressway Highway: उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में कोहरे का कहर जारी है। यूपी में आए दिन कोहरे के चलते सड़क हादसे हो रहे हैं। तीन दिन पहले लखनऊ-गोरखपुर हाईवे पर आपस में 6 गाड़ियां धुंद के कारण भयानक तरीके से टकरा गई थी। इसके अलावा भी सूबे में कई जगह भीषण सड़क हादसों की खबर मिली है। हाईवे पर सर्दी की वजह से होने वाले हादसों की आशंका के मद्देनजर दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर कारों की स्पीड लिमिट घटाकर 75 किमी प्रति घंटा करने की मांग की गई है।
बढ़ते कोहरे के कारण कम दृश्यता को देखते हुए क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर चलने वाले वाहनों की गति सीमा कम करने का प्रस्ताव दिया है। अधिकारियों के मुताबिक चौपहिया वाहनों की गति सीमा मौजूदा 100 किमी प्रति घंटे से घटाकर 75 किमी प्रति घंटा की जानी चाहिए, जबकि भारी वाहनों की गति सीमा 60 किमी प्रति घंटा तय की जानी चाहिए। अधिकारियों ने कहा कि इसका मकसद हाई-स्पीड कॉरिडोर पर दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना है।
इन दो हाईवे पर रफ्तार कम करने का अनुरोध
TOI की रिपोर्ट के मुताबिक आरटीओ के एक अधिकारी ने कहा कि विभाग ने एनएचएआई को दो एक्सप्रेसवे डीएमई और ईपीई पर वाहनों की गति सीमा को कम करने का प्रस्ताव दिया है। इधर, गाजियाबाद यातायात विभाग भी एनएचएआई को इसी तरह का अनुरोध भेजने की योजना बना रहा है। एसपी (यातायात) रामानंद कुशवाहा ने बताया कि कोहरे की स्थिति को देखते हुए एक्सप्रेसवे पर चार पहिया वाहनों की निर्धारित स्पीड लिमिट 100 किमी प्रति घंटे से घटाकर 75 किमी प्रति घंटा किया जाना चाहिए।"
19 दिसंबर को हुआ था बड़ा हादसा
आपको बता दें कि ग्रेटर नोएडा ईस्टर्न पेरिफेरल हाईवे पर 19 दिसंबर को घने कोहरे के कारण कई वाहन आपस में टकरा गए थे, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और 14 अन्य घायल हो गए थे। हादसा आगरा और नोएडा के बीच हाईवे पर गलगोटिया यूनिवर्सिटी के पास हुआ।
यमुना एक्सप्रेस-वे पर कम की स्पीड लिमिट
इससे पहले सर्दी में होने वाले हादसों पर रोक लगाने के लिए यमुना एक्सप्रेस-वे पर प्राधिकरण ने दो महीने तक अधिकतम स्पीड लिमिट को कम करने का फैसला करते हुए हल्के वाहनों को सौ किमी प्रति घंटा से घटाकर 80 किमी प्रति घंटा और भारी वाहनों के लिए अधिकतम रफ्तार 60 किमी प्रति घंटा तय की है। यह नियम यमुना एक्सप्रेस-वे पर 15 दिसंबर से लेकर 15 फरवरी 2023 तक लागू रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications