गठबंधन तय! यूपी में मिलकर चुनाव लड़ेंगे अखिलेश यादव और राहुल गांधी
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी फिलहाल विदेश में हैं। चर्चा है कि उनके लौटने के बाद 9 जनवरी को गठबंधन को लेकर अखिलेश यादव के साथ उनकी मीटिंग होगी।
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की चुनावी सरगर्मियों और मुलायम सिंह यादव के कुनबे में मचे घमासान के बीच सूबे में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए एक बड़ा गठबंधन होने जा रहा है। सूत्रों के हवाले से खबर है कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस यूपी में मिलकर चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के विदेश के लौटने के बाद आगामी 9 जनवरी को अखिलेश यादव से उनकी मुलाकात होगी, जिसके बाद इस गठबंधन पर मुहर लग सकती है। इस गठबंधन को लेकर काफी पहले से सियासी गलियारों में चर्चा थीं। कहा जा रहा है कि गठबंधन के तहत कांग्रेस 100 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, जबकि समाजवादी पार्टी 303 सीटों पर चुनाव लड़ सकती है।

आपको बता दें कि अभी हाल ही में यूपी में कांग्रेस की मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार शीला दीक्षित ने कहा था कि वे उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन किए जाने के पक्ष में हैं। उन्होंने कहा था कि उन्हें उम्मीद है कि समाजवादी पार्टी और वैसी ही विचारधारा वाली अन्य पार्टियां एक धर्मनिरपेक्ष प्लेटफॉर्म बनाने में मदद करेंगी। साथ ही उन्होंने कहा कि अगर समाजवादी पार्टी के साथ कांग्रेस का गठबंधन होता है और मैं खुद मुख्यमंत्री पद का की दावेदारी छोड़ने को तैयार हूं। समाजवादी पार्टी में मची कलह के बीच कांग्रेस के कई नेता खुले मंच से अखिलेश यादव की तारीफ भी कर चुके हैं।
इससे पहले सपा की कलह पर मुंबई के कांग्रेस अध्यक्ष संजय निरुपम ने बनारस में कहा था कि यूपी के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव इस घुटन से बहुत जल्दी ही बाहर निकलेंगे। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को मैं पसंद करता हूं। अखिलेश यादव को प्रदेश के हित में सोचने वाला नेता बताते हुए उन्होंने कहा कि उम्मीद करता हूं अखिलेश अपनी मुश्किलों से जल्दी ही पार पा लेंगे। आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश समेत पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के ऐलान के साथ ही राजनीतिक दलों के बीच हलचल तेज हो गई है। ये भी पढ़ें- पुत्र अखिलेश की हठ के आगे क्यों झुके पिता मुलायम सिंह?












Click it and Unblock the Notifications