हर शुक्रवार को ये सब देखने आते थे दो सगे भाई, लेकिन आज आए तो वापस ना लौट सके
शाहजहांपुर। यूपी के शाहजहाँपुर मे एक बार फिर दर्दनाक हादसा हुआ। इस हादसे में एक ही परिवार के दो सगे भाईयों की मौके पर ही मौत हो गई। यहां अज्ञात वाहन ने बाईक सवार सगे भाईयों को टक्कर मार थी। दोनों भाई फरूखाबाद से जलालाबाद तहसील मे किसी काम के लिए आ रहे थे, तभी वापस लौटते वक्त दर्दनाक हादसे ने दोनों की जान ले ली। वहीं पुलिस ने मृतकों के परिजनों के पहुंचने से पहले ही शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज जिससे नाराज परिजनों ने थाने मे जमकर हंगामा काटा। फिलहाल पुलिस मामले को सुलझाने मे लगी है।

पीछे से मारी जोरदार टक्कर
ये दर्दनाक हादसा थाना अल्लाहगंज के फतेहपुर गांव के पास स्टेट हाईवे पर हुआ है। जानकारी के मुताबिक जनपद फरूखाबाद के रहने वाले 55 साल के शकील अपने छोटे भाई 40 वर्षीय सलीम के साथ बाईक से शाहजहाँपुर के जलालाबाद तहसील आ रहे थे। तहसील से काम निपटाने के बाद दोनों भाई वापस अपने घर के लिए बाईक से रवाना हुए। स्टेट हाईवे पर पहुंचने के बाद जब दोनों भाई फतेहपुर गांव के पास पहुंचे तभी पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने परिजनों के आने से पहले पोस्टमार्टम के लिए भेजा
आसपास के रहने वाले ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उसके बाद मृतकों के परिजन थाने पहुंचे। जब परिजनों को पता चला कि उनके आने से पहले ही शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तो गुस्साए परिजनों ने थाने में जमकर हंगामा काटा। वहीं पुलिस हंगामा कर रहे परिजनों को समझाने का प्रयास कर रही है।

खेती देखने आया करते थे दोनों भाई
एसओ के मुताबिक शकील और उसके भाई सलीम की एक्सीडेंट मे मौत हो चुकी है। दोनों की जलालाबाद में कुछ खेती है। जिसको देखने दोनों भाई हर शुक्रवार को फरूखाबाद से जलालाबाद आते है। आज भी दोनों अपनी खेती देखने आए थे। वापस लौटते वक्त हादसा हो गया जिसमे दोनों की मौत हो गई है। वहीं एसओ मुदस्सर हुसैन ने बताया कि स्टेट हाईवे पर अज्ञात वाहन ने बाईक को टक्कर मारी है जिसमे दो सगे भाईयों को मौत हो गई है। शवो को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हालांकि एसओ थाने मे हंगामे जैसी बात से इंकार कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications