यूपी: जहरीली शराब पीने से 7 की हुई मौत, पुलिस के हाथ-पांव फूले
आजमगढ़ के इलाकों में जहरीली शराब पीने से सात लोगों की मौत हो गई है। इसके बाद पुलिस-प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए हैं।
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के रौनापार थाना क्षेत्र के सरदौली गड़थौली गुढानपुर केवटहिया गांव में जहरीली शराब पीने से जहां पांच लोगों की मौत हो गयी वहीं ओढरा सलेमपुर में दो लोग इसके शिकार बने। आधा दर्जन लोगों को देर रात जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जिनकी हालत गंभीर बनी हुई है। मामले की जानकारी होते ही अपर पुलिस अधीक्षक सहित आबकारी विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए है। पुलिस और विभाग के लोग प्रथम दृष्टया मौत का कारण ताड़ी और भोज का जहरीला भोजन मान रहे हैं जबकि ग्रामीण सभी मौतें का कारण जहरीली शराब को मान रहे हैं। इससे पहले भी जिले के मुबारकपुर में जहरीली शराब पीने से 46 लेगों की मौत हो चुकी है लेकिन शराब के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आजतक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।

कच्ची शराब का कहर, मौतों का सिलसिला
बताते हैं कि रौनापार थाना क्षेत्र के सरदौली गड़थौली गुढानपुर केवटहिया गांव में कच्ची शराब का धंधा लंबे समय से चलता है। बुधवार की रात गांव के करीब दर्जन भर लोगों ने कच्ची शराब पी। शराब जहरीली होने के कारण थोड़ी ही देर में लोगों की हालत बिगड़ने लगी। परिजनों ने स्थानीय स्तर पर उपचार शुरू कराया लेकिन गुरुवार की अपराह्न मौत का सिलसिला शुरू हो गया।

शराब पीने से कुछ लोगों की हालत गंभीर
देखते ही देखते रामवृक्ष 70, चरित्र 85 पुत्रगण रामदवर, शिवकुमार 18 पुत्र कुलबुल, श्यामप्रीत 40 पुत्र बगेदू, रामनयन 70 पुत्र खूना की शुक्रवार की सुबह तक मौत हो गयी। जबकि आधा दर्जन लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं सहादुर 35 पुत्र चरित्तर, दुर्गविजय 25 पुत्र स्व. लालचंद, तपंजू 55 पुत्र स्व. दुखंती, बजरंगी 55 पुत्र स्व. जयमंगल, बालचंद 60 पुत्र भुवन, मनोज 26 पुत्र स्व. रामनाथ, विजय नरायन 25 पुत्र रामनाथ का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। मामले की जानकारी होने पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और आबकारी विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गये। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अभी मौत का कारण ताड़ी और फूड प्वाइजनिंग बता रही है। अधिकारियों का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

जिले की अब तक तीसरी सबसे बड़ी घटना
वहीं क्षेत्र के रसूलपुर और ओढरा सलेमपुर गांव में भी जहरीली शराब का कहर देखने को मिला है। रसूलपुर गांव निवासी सोबरी 40 पुत्र छांगुर पासवान व ओढरा सलेमपुर निवासी केशव 42 पुत्र कतवारू की मौत हो गयी। यहां भी पुलिस मौत की वजह जहरीली ताड़ी मान रही है। वहीं ग्रामीण मौत का कारण जहरीली शराब बता रहे है। कुछ लोगों का जरूर कहना है कि मृतक ताड़ी की दुकान पर भी देखे गये थे। एक साथ हुई सात मौतों से पुलिस के हाथ पांव फूल गये है। कारण कि यह जिले में अब तक की तीसरी बड़ी घटना है। इसके पूर्व 31 जनवरी 2009 में इरनी में जहरीली शराब पीने से 13 परसहा निजामाबाद में चार और 2013 में मुबारकपुर में 46 मौते हुई थी। अधिकारी अभी कुछ बोलने को तैयार नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications