सपा की सदस्यता के साथ स्वामी प्रसाद मौर्य का एमएलसी पद से इस्तीफा, भेजा त्यागपत्र
Swami Prasad Maurya resigns MLC post: समाजवादी पार्टी के नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने पार्टी की सदस्यता और MLC पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपना त्यागपत्र यूपी विधान परिषद अध्यक्ष को भेज दिया है।
इसी के साथ उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को भेजे गए पत्र में कहा कि 13 फरवरी को भेजे गए पत्र पर वार्ता के लिए पहल न करने पर इस्तीफा दे रहा हूं।

हाल ही में सपा के महासचिव पद को छोड़ने के बाद से ही स्वामी प्रसाद मौर्य लगातार सुर्खियों में थे। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव को एक पत्र लिखा, जिसमें कई गंभीर आरोप लगाए।
सभापति को लिखे पत्र में स्वामी प्रसाद मौर्य ने लिखा कि, "मैं समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी के रूप में विधानसभा, उ.प्र निर्वाचन क्षेत्र से सदस्य, विधान परिषद, उ.प्र. निर्वाचित हुआ हूं, चूंकि मैंने समाजवादी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया है, ऐसे में नैतिकता के आधार पर विधान परिषद की सदस्यता से भी त्यागपत्र दे रहा हूं।"
वहीं समाजवादी पार्टी की सदस्यता और MLC पद से इस्तीफा देने के बाद स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा, "अखिलेश यादव समाजवादी विचारधारा के विपरीत जा रहे हैं। वो खुद को सेकुलर कहते हैं पर ऐसा लगता है कि वह मनुवादी व्यवस्था का समर्थन करते हैं।"
मौर्य ने आगे कहा कि हमारा उनसे मतभेद है, मनभेद नहीं है। जब भी वह सही रास्ते पर आएंगे। मैं उनका स्वागत करूंगा। मैंने कभी भी विचारधारा से समझौता नहीं किया है। इसी के साथ उन्होंने कहा, "मैं 22 फरवरी को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में एक कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं से बातचीत के बाद पार्टी बनाने के अपने फैसले का उद्घोष भी करूंगा।'
13 फरवरी को महासचिव पद छोड़ा
बता दें अपने बयानों से विवादों में रहने वाले स्वामी प्रसाद मौर्य ने 13 फरवरी का सपा के राष्ट्रीय महासचिव पद से इस्तीफा दिया था। उन्होंने अखिलेश को भेजे अपने पत्र में लिखा था कि मैं नहीं समझ पाया कि मैं एक राष्ट्रीय महासचिव हूं, जिसका कोई भी बयान निजी बयान हो जाता है और पार्टी के कुछ राष्ट्रीय महासचिव व नेता ऐसे भी हैं, जिनका हर बयान पार्टी का हो जाता है, एक ही स्तर के पदाधिकारियों में कुछ का निजी और कुछ का पार्टी का बयान कैसे हो जाता है, यह समझ के परे है।












Click it and Unblock the Notifications