सहारनपुर बवाल: भीम आर्मी के खातों में करोड़ों रुपये हुए जमा
यूपी के सहारनपुर जिले में आने वाले गांव रामनगर नगर में दलित बनाम पुलिस बवाल के बाद चर्चा में आए भीम आर्मी के बारे में रोज नए खुलासे हो रहे हैं।
सहारनपुर। यूपी के सहारनपुर जिले में आने वाले गांव रामनगर नगर में दलित बनाम पुलिस बवाल के बाद चर्चा में आए भीम आर्मी के बारे में रोज नए खुलासे हो रहे हैं। दलितों के उत्थान और युवाओं के विकास के लिए बने इस संगठन को पूरी तरह से गैर कानूनी बताया जा रहा है। यहां तक की भीम आर्मी रजिस्टर्ड भी नहीं है लेकिन इसके बावजूद यह बैंक खाते खोलकर देशभर से चंदा एकत्र कर रही है। पुलिस ने अभी तक ऐसे तीन बैंक खातों का पता लगाया है, जिनमें भीम आर्मी के लिए देश-विदेश से पैसा आता है।

रिश्तेदारों के नाम से खुले हैं बैंक खाते
एसएसपी सुभाष चन्द दूबे ने बताया कि जब तथाकथित भीम आर्मी सेना नाम के संगठन की जांच पड़ताल की गयी तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। इस संगठन को रजिस्टर्ड ही नहीं कराया गया है। वही जो लोग अपने आपको इसके संस्थापक बता रहे हैं उन्होंने अपने और अपने कुछ रिश्तेदारों के नाम से बैंक में खाते खोल रखे हैं। इस संगठन में लोगों को बरगलाकर शामिल करने के बाद संगठन के संचालन के नाम पर उनसे करोड़ों रूपया एकत्रित किया जा चुका है। यह तथाकथित संगठन के पूरे देश में सक्रिय होने की बात भी सोशल मीडिया के माध्यम से सामने आयी है। अभी तक तीन ऐसे बैंक खाते चिन्हित किये जा चुके हैं, जहां संगठन की सक्रियता के लिए काफी पैसा एकत्रित किया जा चुका है। संगठन से जुड़े लोग सोशल मीडिया का सहारा लेकर अराजकता फैलाने का जिस तरह से प्रयास कर रहे हैं, उस तरह से संगठन के क्रियाकलाप नक्सलवाद से भी जुड़े होने के संकेत मिल रहे हैं। इसकी भी जांच चल रही है। एसएसपी का कहना है कि संगठन पर सीधे-सीधे धोखाधड़ी का मामला बनता है और जांच पडताल जारी है जिसके बाद एफआईआर भी दर्ज करायी जायेगी। वही सम्बन्धित बैंक मैनेजरों को भी खाते सील करने को कहा जा चुका है।

सोशल मीडिया पर भडकाऊ टिप्पणी करने वाला हुआ गिरफ्तार
शब्बीरपुर प्रकरण को लेकर हुई हिंसा के बाद अराजक तत्वों द्वारा सोशल मीडिया पर भडकाऊ टिप्पणी पोस्ट कर जनपद का सौहार्दपूर्ण वातावरण बिगाड़ने का प्रयास निरन्तर किया जा रहा है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर भडकाऊ पोस्ट डालने वाले एक और युवक को गिरफ्तार किया। इस मामले में एसएसपी ने जानकारी देते हुए बताया कि मौहल्ला नवीन नगर निवासी शुभम कर्णवाल पुत्र सत्यपाल सिंह को कोर्ट रोड पर पकड़ा गया। थाना सदर बाजार में उसके खिलाफ धारा 505(1सी) व 505 की उपधारा (2) 120 बी व 66 आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। एसएसपी ने बताया कि शुभम ने अपने मोबाइल के जरिये फेसबुक पर सहारनपुर का आपसी सौहार्द बिगाड़ने के उद्देश्य से एक विशेष जाति के लिए आपत्तिजनक टिप्पणीयां की। वह पिछले काफी समय से इसमें सक्रिय रहा है और तथाकथित भीम आर्मी से भी जुड़ा रहा है। इस तथाकथित संगठन से प्रेरित होकर ही उसने समाज का माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया। गिरफ्तार शुभम कर्णवाल को जेल भेजा गया है।

हिंसा का एक और आरोपी गिरफ्तार
थाना बडगांव के शब्बीरपुर प्रकरण के बाद शहर में हुई हिंसक वारदातों में शामिल रहे एक आरोपी को चिन्हित कर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया जो देहात कोतवाली के गांव पिंजौरा का रहने वाला है। देहात कोतवाली में दर्ज दो मामलों में उसे जेल भेजा गया। एसएसपी सुभाष चन्द दूबे ने रविवार को प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि शब्बीरपुर प्रकरण को लेकर 9 मई को शहर में भी तथाकथित भीम आर्मी नामक संगठन ने अराजकता फैलायी थी। इस दौरान करीब 8 स्थानों पर हिंसक वारदातों को अंजाम दिया गया था। इसमें सबसे अधिक हिंसा मल्हीपुर रोड स्थित गांव रामनगर में हुई थी। इस सम्बन्ध में अभी तक देहात कोतवाली में दर्जनों मुकदमे दर्ज किये जा चुके हैं और दर्जनों ही जेल भेजे जा चुके हैं। इन्हीं में दर्ज दो मुकदमों से सम्बन्धित आरोपी विश्वास उर्फ वासु पुत्र रमेश निवासी ग्राम पिंजौरा को गिरफ्तार किया गया है। उस पर तोडफोड़ व आगजनी करने का भी आरोप है। आरोपी को चिन्हित करने के बाद गिरफ्तारी की कार्यवाही की गयी। आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
{promotion-urls}












Click it and Unblock the Notifications