रवि किशन के 'स्पेन' वाले दावे की खुली पोल! गोरक्षनाथ घाट पर छज्जा गिरने से 2 वकीलों की मौत, 27 करोड़ से बना था
Gorakhpur Ghat Collapse: रवि किशन ने हाल ही में गोरखपुर के विकास की तारीफ करते हुए कहा था कि उन्हें शहर स्पेन जैसा लग रहा है। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर भी चर्चा में रहा। लेकिन रविवार को इसी गोरखपुर के गुरु गोरक्षनाथ घाट पर गुंबदनुमा छज्जा गिरने से दो वकीलों की मौत हो गई।
हादसे ने शहर के विकास के साथ-साथ सार्वजनिक जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। खास बात यह है कि जिस घाट पर यह हादसा हुआ, उसका करोड़ों रुपये की लागत से सुंदरीकरण कराया गया था।

27 करोड़ से ज्यादा में हुआ था घाट का सुंदरीकरण
गुरु गोरक्षनाथ घाट के सुंदरीकरण का प्रस्ताव 2019 में तैयार किया गया था। इसके लिए करीब 27 करोड़ 85 लाख रुपये से ज्यादा खर्च किए गए। घाट का लोकार्पण 16 फरवरी 2021 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था। यहां अंतिम संस्कार में आने वाले लोगों के बैठने के लिए कई चबूतरे बनाए गए थे। इन्हीं में से एक चबूतरे पर बना गुंबदनुमा छज्जा रविवार को गिर गया। अब सवाल उठ रहा है कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद निर्माण की गुणवत्ता की जांच ठीक से क्यों नहीं हुई?
ये भी पढे़ं: 'Tum Andha Hai', Ravi Kishan ने गोरखपुर को बताया स्पेन जैसा-CM योगी की छूटी हंसी, कांग्रेस को लगी मिर्ची
जिस घाट पर रवि किशन की फिल्म की शूटिंग हुई
गुरु गोरक्षनाथ घाट सिर्फ अंतिम संस्कार के लिए ही नहीं, बल्कि फिल्मों की शूटिंग के लिए भी इस्तेमाल होता रहा है। रवि किशन की फिल्म 'महादेव का गोरखपुर' की शूटिंग भी राप्ती नदी के इसी किनारे हुई थी। फिल्म की शूटिंग के दौरान घाट पर भव्य सेट लगाया गया था। फिल्म में गोरखपुर को खास तौर पर दिखाया गया। उस वक्त रवि किशन ने गोरखपुर को फिल्म शूटिंग का बड़ा केंद्र बनाने की बात कही थी।
एंबुलेंस की देरी से भी उठे सवाल
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने दोनों वकीलों को मलबे से बाहर निकाला। आरोप है कि एंबुलेंस को फोन करने के बावजूद करीब आधे घंटे तक वह मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद दोनों घायलों को ई-रिक्शा से जिला अस्पताल ले जाया गया। आलोक अस्थाना की हालत गंभीर थी और उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। दूसरे वकील संजय सिंह ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद वकीलों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया।
ये भी पढे़ं: 'इन्हें कमरे में बंद कर दो', रवि किशन को Gen-Z ने किया 'पागल', वायरल वीडियो देखकर पत्नी ने क्या कह दिया?
अब निर्माण से लेकर इलाज तक जांच के घेरे में
दो वकीलों की मौत के बाद मामला सिर्फ हादसे तक सीमित नहीं रहा। परिजनों ने अस्पताल में इलाज में लापरवाही के आरोप लगाए हैं। वहीं डीएम ने घाट के निर्माण से जुड़े तत्कालीन जेई और ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। एंबुलेंस के रिस्पॉन्स टाइम की भी जांच कराई जा रही है। प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की सहायता दी गई है और अतिरिक्त 5-5 लाख रुपये की मदद के लिए शासन को पत्र भेजा गया है।


Click it and Unblock the Notifications
