राम मंदिर की CEO बन सकती है महिला? 30 दिन में हो जाएगा फैसला, ट्रस्ट के नए फैसले से देश भर में हलचल

Ram Mandir CEO: अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की हेरफेर का मामला सामने आने और SIT की शुरुआती रिपोर्ट के बाद अब मंदिर प्रशासन को पूरी तरह बदलने की तैयारी हो चुकी है। राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र पहले ही कह चुके हैं कि अब मंदिर के कामकाज को ज्यादा प्रोफेशनल, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की जरूरत है। इसी सिलसिले में पहली बार एक फुल-टाइम चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) की भर्ती की जा रही है।

ट्रस्ट ने साफ कर दिया है कि CEO बनने का मौका सिर्फ पुरुषों तक सीमित नहीं है। अगर कोई महिला सभी मानकों पर खरी उतरती है तो उसे भी यह जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। अगले 30 दिनों के भीतर चयन प्रक्रिया पूरी होने की उम्मीद है। ऐसे में यह नियुक्ति सिर्फ एक प्रशासनिक फैसला नहीं बल्कि राम मंदिर के भविष्य के प्रबंधन और संस्थागत ढांचे के लिए भी काफी अहम मानी जा रही है।

Ram Mandir CEO

किसे मिलेगा राम मंदिर की कमान?

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने CEO चुनने के लिए तीन सदस्यीय समिति बनाई है। इसमें सिक्किम हाई कोर्ट के पूर्व मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) प्रमोद कोहली, भारतीय सेना के पूर्व लेफ्टिनेंट जनरल विष्णुकांत चतुर्वेदी और उद्योगपति सुरेश हवारे शामिल हैं। समिति ने चयन प्रक्रिया शुरू कर दी है और ट्रस्ट का लक्ष्य है कि अगले करीब 30 दिनों में नए CEO के नाम पर अंतिम फैसला हो जाए।

समिति के एक सदस्य ने बताया कि चयन में सबसे ज्यादा जोर ईमानदारी, साफ छवि, नेतृत्व क्षमता और भगवान श्रीराम के प्रति गहरी आस्था पर रहेगा। साथ ही उम्मीदवार में बड़े संगठन को संभालने की मजबूत प्रशासनिक क्षमता भी होनी चाहिए।

क्या महिला CEO की एंट्री से होगा डैमेज कंट्रोल?

इंडिया टुडे हिंदी के मुताबिक अयोध्या की राजनीति और मामलों पर नजर रखने वाले विश्लेषक नीशेंद्र मोहन इस फैसले को एक बड़े बदलाव के रूप में देखते हैं। उनका कहना है, "श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के मौजूदा बोर्ड या उसकी मुख्य कमेटियों में फिलहाल एक भी महिला सदस्य नहीं है।

ऐसे में अगर राम मंदिर की पहली सीईओ के रूप में किसी महिला को चुना जाता है, तो यह केवल एक प्रशासनिक नियुक्ति नहीं होगी। यह समाज में एक बहुत बड़ा और सकारात्मक संदेश देगा। इससे महिलाओं के प्रतिनिधित्व को लेकर उठ रहे सवालों पर भी विराम लगेगा और विवादों के बीच ट्रस्ट की छवि अधिक समावेशी और मजबूत बनकर उभरेगी।"

CEO बनने के लिए राम मंदिर ट्रस्ट ने क्या-क्या शर्ते रखी हैं?

ट्रस्ट ने साफ कर दिया है कि इस नियुक्ति के लिए कॉर्पोरेट कंपनियों जैसा कोई पारंपरिक इंटरव्यू या हेडहंटिंग का रास्ता नहीं अपनाया जा रहा है। इसके बजाय बड़े नामों की सिफारिशों, आए हुए आवेदनों, समाज में व्यक्ति की प्रतिष्ठा और उसके पिछले रिकॉर्ड को तौला जा रहा है।

CEO बनने के लिए कुछ शर्त रखी गई हैं। जैसे हिंदू होना अनिवार्य है। उम्र 50 से 70 साल के बीच होनी चाहिए। आवेदन केपाक किसी सार्वजनिक संगठन, सरकारी विभाग, संस्था या कंपनी में कम से कम 20 साल काम करने का अनुभव होना चाहिए।

ट्रस्ट ऐसे उम्मीदवार की तलाश में है, जिसे किसी बड़े संगठन या संस्थान को संभालने का लंबा अनुभव हो। अगर किसी ने प्रशासन, वित्त, अकाउंट्स, एचआर, जनसंपर्क, आईटी, सुरक्षा या कानूनी मामलों जैसे अलग-अलग विभागों में नेतृत्व की जिम्मेदारी निभाई है, तो उसे प्राथमिकता मिलेगी। जिन लोगों ने पहले किसी मंदिर या हिंदू धार्मिक संस्था का सफलतापूर्वक प्रबंधन किया है, उनकी दावेदारी भी मजबूत मानी जाएगी। अच्छी बात यह है कि अनुभवी सेवानिवृत्त अधिकारी भी इस पद के लिए आवेदन कर सकते हैं।

नए CEO की नियुक्ति शुरुआत में तीन साल के कॉन्ट्रैक्ट पर होगी। अगर उनका काम ट्रस्ट की उम्मीदों पर खरा उतरता है, तो यह अवधि आगे भी बढ़ाई जा सकती है। सैलरी और दूसरी सुविधाओं का कोई तय पैकेज नहीं रखा गया है। ट्रस्ट चयनित उम्मीदवार से बातचीत के बाद वेतन और अन्य लाभ तय करेगा। नियुक्ति के बाद CEO की पोस्टिंग अयोध्या में ही रहेगी।

इस पद के लिए ट्रस्ट ने कुछ खास शर्तें भी रखी हैं। नोटिफिकेशन में श्रीराम भक्त वैष्णव होने को अतिरिक्त योग्यता माना गया है। इसके अलावा हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं पर अच्छी पकड़ होना भी अनिवार्य है।

राम मंदिर के CEO की क्या-क्या जिम्मेदारियां होंगी?

राम मंदिर के CEO का काम सिर्फ दफ्तर संभालना नहीं होगा। उन्हें पूरे ट्रस्ट की प्रशासनिक, वित्तीय और कानूनी व्यवस्था की कमान संभालनी होगी। मंदिर की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाना, कर्मचारियों का नेतृत्व करना, ट्रस्ट की संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और वित्तीय लेन-देन में पूरी पारदर्शिता बनाए रखना भी उनकी जिम्मेदारी होगी।

इसके साथ ही श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलें, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रहे, पूजा-पाठ और धार्मिक आयोजन बिना किसी रुकावट के चलते रहें, वीआईपी मेहमानों और संतों की व्यवस्थाएं ठीक से हों, इन सभी कामों की निगरानी भी CEO करेंगे। जरूरत पड़ने पर उन्हें जिला प्रशासन, राज्य सरकार और केंद्र सरकार की एजेंसियों के साथ भी तालमेल बनाकर काम करना होगा।

SIT रिपोर्ट के बाद क्यों बढ़ी CEO की जरूरत?

हाल में मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी की जांच के लिए गठित एसआईटी की शुरुआती रिपोर्ट के बाद प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत बनाने की जरूरत महसूस की गई। इसी बीच राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने भी कहा कि अब मंदिर के संचालन को ज्यादा पेशेवर, जवाबदेह और संस्थागत स्वरूप देने का समय आ गया है।

मंदिर निर्माण लगभग अंतिम चरण में पहुंच चुका है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या और करोड़ों रुपये के चढ़ावे के बीच ट्रस्ट अब ऐसा प्रशासनिक ढांचा चाहता है, जो लंबे समय तक व्यवस्थित तरीके से काम कर सके। माना जा रहा है कि 22 जुलाई को होने वाली ट्रस्ट की बैठक में चयन प्रक्रिया की प्रगति पर भी चर्चा हो सकती है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+