'यह हमारे PM का दृष्टिकोण', अयोध्या रेलवे स्टेशन के भव्य स्वरूप पर क्या बोले रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव
Ayodhya Dham Railway Station: करोड़ों हिन्दुओं के आस्था के प्रतीक भगवान राम के मंदिर की 22 जनवरी को प्राण प्रतिष्ठा है। इससे पहले आज यानी 30 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन से पहले अयोध्या रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर अब 'अयोध्या धाम' रख दिया गया है।
अयोध्या धाम जंक्शन के उद्घाटन से पहले रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रेलवे स्टेशन का शुक्रवार को निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेलवे स्टेशन की भव्यता को लेकर कहा कि यह हमारे प्रधानमंत्री का दृष्टिकोण है।

रेलवे स्टेशन का किया निरीक्षण
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उद्घाटन से पहले शुक्रवार को नए अयोध्या रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि स्टेशन का निर्माण देश की संस्कृति और परंपरा के अनुरूप किया गया है।
जानिए क्या बोले रेल मंत्री?
मीडिया से बात करते हुए अश्विनी वैष्णव ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण के अनुसार, अयोध्या में रेलवे स्टेशन और अन्य बुनियादी ढांचे का विकास किया जा रहा है। अयोध्या धाम स्टेशन हमारे देश की संस्कृति और परंपरा के अनुसार बनाया गया है। यह हमारे प्रधानमंत्री का दृष्टिकोण है।"
स्टेशन पर रूफ प्लाजा बनाया
उन्होंने कहा कि रेलवे स्टेशन के पुनरुद्धार में कई चीजें नई हैं। मंत्री ने कहा कि स्टेशन का होल्डिंग एरिया बहुत विशाल है और वहां 100 फीट का रूफ प्लाजा बनाया गया है। उन्होंने बताया कि पीएम मोदी के रेलवे स्टेशन पुनर्विकास दृष्टिकोण में रूफ प्लाजा एक प्रमुख घटक है।
उन्होंने कहा, "यहां बड़ा रूफ प्लाजा बनाया गया है ताकि यात्री बैठ सकें, स्थानीय उत्पाद बेच सकें, बच्चे खेल सकें। पुनर्विकास किए जा रहे सभी रेलवे स्टेशनों में यह मानक सुविधा होगी।"
जानें क्या-क्या मिलेगा?
बता दें कि 240 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से विकसित अयोध्या धाम जंक्शन रेलवे स्टेशन में लिफ्ट, एस्केलेटर, फूड प्लाजा और चाइल्ड केयर रूम जैसी अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित एक आधुनिक तीन मंजिला इमारत है। विशेष रूप से यह स्टेशन 'सभी के लिए सुलभ' है और इसे इंडियन ग्रीन बिल्डिंग काउंसिल (आईजीबीसी) द्वारा ग्रीन स्टेशन बिल्डिंग के रूप में प्रमाणित किया गया है।












Click it and Unblock the Notifications