राहुल गांधी अमेठी से लड़ेंगे 2024 में लोकसभा का चुनाव, कांग्रेस नेता का दावा
राहुल गांधी 2024 का लोकसभा चुनाव यूपी की अमेठी सीट से लड़ेंगे। यह दावा यूपी कांग्रेस के नेता अजय राय ने किया है। 2019 में राहुल यह सीट हार गए थे। अभी वे केरल के वायनाड से सांसद हैं।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी 2024 का लोकसभा चुनाव उत्तर प्रदेश की अमेठी लोकसभा सीट से लड़ेंगे, जो कि 2019 से पहले तक नेहरू-गांधी परिवार का गढ़ माना जाता था। यह दावा उत्तर प्रदेश कांग्रेस के नेता अजय राय ने किया है। अजय राय यूपी में कांग्रेस के क्षेत्रीय अध्यक्ष हैं, जिनका कहना है कि उनका अमेठी के लोगों से अपील है कि वह राहुल गांधी को बहुत ज्यादा मार्जिन से चुनकर सांसद के तौर पर दिल्ली भेजें। 2019 के लोकसभा चुनाव में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से चुनाव हारने से पहले तक राहुल गांधी लगातार तीन लोकसभा में अमेठी का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। लेकिन, फिलहाल वे केरल के वायनाड लोकसभा क्षेत्र से सांसद हैं।
राहुल गांधी 2024 में अमेठी से लड़ेंगे- कांग्रेस नेता
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के नेता अजय राय ने राहुल के अमेठी से चुनाव लड़ने के बारे में संवाददाताओं से कहा है, 'अमेठी के साथ गांधी-नेहरू परिवार का पुराना नाता है.....इसे कोई भी कमजोर नहीं कर सकता। राहुल गांधी 2024 में अमेठी से लड़ेंगे।' इससे पहले कांग्रेस के किसी नेता ने राहुल के अमेठी से अगला चुनाव लड़ने को लेकर कुछ भी नहीं कहा है। राहुल 2004, 2009 और 2014 में अमेठी से लोकसभा चुनाव जीत चुके हैं। लेकिन, 2019 में उन्हें बीजेपी नेता और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने हरा दिया था।
3-4 जनवरी को यूपी में घुसेगी 'भारत जोड़ो यात्रा'
राहुल गांधी से पहले उनकी मां सोनिया गांधी और पिता राजीव गांधी भी अमेठी लोकसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। अजय राय खुद 2014 और 2019 में वाराणसी से कांग्रेस टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं, लेकिन दोनों ही बार उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बहुत ही ज्यादा अंतर से पराजित हो चुके हैं। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बारे में उन्होंने कहा है कि यह अलगे साल 3 या 4 जनवरी को यूपी में प्रवेश करेगी। कांग्रेस की यह यात्रा अभी राजस्थान में है।
कांग्रेस यूपी में क्षेत्रीय यात्राएं भी निकाल रही है
यूपी में कांग्रेस भारत जोड़ो यात्रा के पहुंचने से पहले 6 क्षेत्रों में इसी तरह की क्षेत्रीय यात्रा निकाल रही है। हर क्षेत्र के लिए एक अध्यक्ष की नियुक्ति की गई है। 11 दिसंबर को इसी तरह की एक क्षेत्रीय यात्रा राय की अगुवाई में प्रयागराज से शुरू हुई थी जो कौशांबी और प्रतापगढ़ होते हुए बुधवार को अमेठी पहुंची है। इस मौके पर उनके साथ जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप सिंघल और पूर्व एमएलसी दीपक सिंह भी उपस्थित थे। अमेठी के बाद क्षेत्रीय यात्रा सुल्तानपुर पहुंचेगी और फिर जौनपुर, मिर्जापुर, चंदौली, भदोही, सोनभद्र होते ही आखिरकार 22 दिसंबर को वाराणसी में समाप्त होगी।
राय का आरोप है कि यूपी में बीजेपी की सरकार के कार्यकाल में हर जगह तनाव की स्थिति है। उन्होंने आरोप लगाया कि, 'व्यापारी अपनी दुकानें छोड़कर भाग रहे हैं। राहुल जी ने जीएसटी को गब्बर सिंह टैक्स कहा था, आज वे सही साबित हुए हैं। व्यापारियों में जीएसटी को लेकर एक डर है। व्यापारी जो लंबे समय से बीजेपी का समर्थन कर रहे थे, उन्हें परेशान किया जा रहा है।' उन्होंने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ पर आरोप लगाया कि 'मुख्यमंत्री कहते हैं कि 'चोरों' के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए......इसका मतलब है कि आज बिजनेसमैन 'चोर' बन चुके हैं...' (इनपुट-पीटीआई)












Click it and Unblock the Notifications