किसान चारपाई उठाता है तो बीजेपी के लोग उसे चोर कहते हैं
गोरखपुर। यूपी विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को मजबूती देने के लिए कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी रोड-शो कर रहे हैं। इसी कड़ी में वो गोरखपुर पहुंचे, जहां उन्होंने मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा।

गोरखपुर में राहुल गांधी ने किया रोड शो
गोरखपुर में राहुल गांधी ने रोड-शो के साथ-साथ घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात की। उन्होंने वहां मौजूद लोगों से न केवल मुलाकात की, उनका हाल जानने की भी कोशिश की।
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने वहां मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर किसान चारपाई उठाता है तो बीजेपी के लोग उसे चोर कहते हैं। वहीं जब विजय माल्या नौ हजार करोड़ लेकर चला जाता है तो उसे डिफॉल्टर कहते हैं।
राहुल गांधी ने ये बातें एक दिन पहले देवरिया में हुई खाट सभा में हुए हंगामे को लेकर कही। जहां खाट सभा के बाद वहां मौजूद लोग खाट लेकर भागने लगे थे।
मोदी सरकार पर साधा निशाना
राहुल गांधी ने कहा कि मोदीजी ने छोटे किसानों का कर्ज माफ नहीं किया और अमीर लोगों का कर्ज माफ कर दिया है।
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार में किसानों का 70 हजार करोड़ का कर्ज माफ किया गया था। राहुल गांधी ने कहा कि किसानों की कर्ज माफी के लिए हम मोदी सरकार पर दबाव बनाएंगे।
इससे पहले राहुल गांधी गोरखपुर के बाबा राघव दास मेडिकल कॉलेज पहुंचे और वहां इलाज करा रहे इंसेफ्लाइटिस के मरीजों का हाल जानने की कोशिश की।


Click it and Unblock the Notifications
