बुलंदशहर: गर्भवती पर बरपा दबंगों का कहर, महिला और बच्चे की मौत
बुलंदशहर। यूपी के बुलंदशहर में दबंग लोगों ने 9 माह की गर्भवती महिला पर चोरी का आरोप लगाकर लाठी-डंडों से पीट-पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। दबंगो की पिटाई से गंभीर रूप से घायल हुई महिला का गर्भ गिर गया और 21 अक्टूबर को महिला ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

पुलिस ने पीड़ितों को थाने से टरकाया
पीड़ितों ने जब इस मामले की शिकायत ठंडी प्याऊ पुलिस से की तो पुलिस ने उनको थाने से टरका दिया। पीड़ितों की मानें तो 100 नम्बर सूचना देने के बाद उनकी रिपोर्ट दर्ज हो सकी है। पुलिस ने दो नामजद आरोपियो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। फिलहाल आरोपी फरार बताया जा रहे हैं।

चोरी का आरोप लगाकर महिला को पीटा
बुलंदशहर कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव खेतलपुर भंसोली में 19 अक्टूबर को बाल्मीकि समाज की महिला पर तस्ला चोरी करने का आरोप लगाकर गांव के दो-तीन दबंगों ने लाठी-डंडों से जमकर पिटाई की। पिटाई से सावित्री गम्भीर रुप से घायल हो गई। बता दें कि सावित्री नौ माह के गर्भ से थी। पिटाई के बाद से ही सावित्री की तबियत ज्यादा खराब हो गई, तो परिजनों ने सावित्री को अस्पताल में भर्ती कराया। परिजनों की मानें तो पिटाई की वजह से सावित्री का गर्भ गिर गया था। गर्भ गिरने से बच्चे की मौत हो गई। बच्चे की मौत और गंभीर रूप से घायल सावित्री ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

दो लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज
मृतका सावित्री के पति दलीप कुमार की तहरीर पर पुलिस ने अंजू और रोहित के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। एसपी सिटी प्रवीन रंजन ने बताया कि गांव में सफाई को लेकर कुछ लोगों का विवाद हो गया था। विवाद में दोनो पक्षों में मार-पिटाई हो गई। जिसके संबंध में कोतवाली देहात में मामला दर्ज कराया गया है। बताया कि महिला की मौत के बाद इसमें धारा 304 (ए) और अनुसूचित जाति-जनजाति की धाराएं बढ़ाई गई हैं। साथ ही बताया कि इस मामले की जांच एसपी सिओ सिटी कर रहें हैं। जल्दी ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जायेगी।












Click it and Unblock the Notifications