Prayagraj News: माफिया अतीक के बेटे अली अहमद को नैनी से झांसी जेल भेजा गया, सामने आई सिर्फ ये वजह
Prayagraj News: प्रयागराज की सेंट्रल नैनी जेल में बंद अतीक अहमद के बेटे अली अहमद को अचानक झांसी जेल भेज दिया गया है। मंगलवार की देर रात जेल प्रशासन को अचानक ट्रांसफर आदेश मिला। भारी पुलिस बल के साथ अली को बुधवार सुबह छह बजे जेल से रवाना किया गया।
नैनी जेल के वरिष्ठ अधिकारी विजय विक्रम ने बताया कि यह आदेश शासन के निर्देश पर लागू किया गया। अली को झांसी जेल भेजने का कारण फिलहाल सार्वजनिक नहीं किया गया है। जेल प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा और निगरानी के मद्देनजर यह कदम उठाया गया।

अली के जेल में रहते हुए वकीलों से मिलने और कैश लेन-देन के कई मामलों ने पहले भी चर्चा बटोरी थी। प्रशासन ने इस दौरान जेल कर्मियों पर कार्रवाई की थी। अब ऐसे में अली को दूसरी जेल में ट्रांसफर किए जाने को लेकर अलग-अलग चर्चा चल रही है।
अली अहमद पर दर्ज गंभीर मामले
दरअसल अली अहमद और उसके पिता अतीक अहमद के खिलाफ 2022 में पांच करोड़ की रंगदारी न देने पर हमला करने की एफआईआर दर्ज हुई थी। पीड़ित साबिर हुसैन की तहरीर पर यह मामला धूमनगंज थाने में दर्ज किया गया।
इस एफआईआर में कुल 13 लोगों को आरोपी बनाया गया। अली समेत उसके साथियों पर धमकियां देने और हिंसक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप थे। जेल में रहते हुए अली की गतिविधियां भी लगातार सवालों के घेरे में रही।
चर्चित उमेश पाल हत्याकांड में नाम जुड़ा
उसे मामले के बाद अली अहमद का नाम 24 फरवरी 2023 को हुई दिनदहाड़े हत्या की साजिश में भी सामने आया था। जांच में पता चला कि हत्या की योजना जेल से ही बनाई गई थी। अली से मिलने वालों में बमबाज गुड्डू मुस्लिम, गुलाम और सदाकत शामिल थे।
बताया गया कि हत्यारोपी उमेश पाल के मर्डर से पहले नैनी जेल में अली से मिले। इसके बाद अली को मामले में जोड़ दिया गया। ऐसे में इस मामले में अली अहमद को भी आरोपी बनाया गया। अली अहमद के खिलाफ इस मामले में भी केस दर्ज है।
गतिविधियों पर रखी जा रही कड़ी नजर
नैनी जेल से अली अहमद को झांसी जेल ट्रांसफर किए जाने के बाद भी अली अहमद को कड़ी निगरानी में रखा जाएगा। प्रिजन वैन में ले जाते समय भी सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद देखने को मिली। इसके अलावा नैनी जेल में बंद रहने के दौरान भी सुरक्षा व्यवस्था काफी मजबूत था।
हालांकि अली अहमद को प्रयागराज के नैनी जेल से झांसी जेल में क्यों ट्रांसफर किया गया है इस मामले को लेकर सवाल पूछे जाने पर किसी भी अधिकारी द्वारा स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। फिलहाल अधिक अहमद के बेटे की जेल बदलने के बाद अब एक बार फिर अतीक अहमद का मामला भी सुर्खियों में है।












Click it and Unblock the Notifications