प्रतापगढ़: अखिलेश यादव का स्वागत करने पहुंचे Ex MLA श्याद अली को आया हार्टअटैक, मौत
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव और राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव प्रतापगढ़ के दौरे पर हैं। इस दौरान एक दुखद घटना घटी, जहां उनका स्वागत करने पहुंचे पूर्व विधायक श्याद अली का निधन हो गया। डॉक्टरों ने उनकी मौत की वजह हार्टअटैक को बताया है।
जानकारी के मुताबिक पूर्व विधायक पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में अखिलेश यादव से मुलाकात करने पहुंचे थे, तभी उनके सीने में दर्द हुआ। आनन-फानन में उनको डॉक्टरों के पास ले जाया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। वहीं घटना की खबर मिलते ही कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ पड़ी।

पार्टी के पूर्व विधायक के निधन पर समाजवादी पार्टी ने दुख व्यक्त किया है। उसने ट्वीट कर लिखा कि पूर्व विधायक, प्रतापगढ़ निवासी जनाब श्याद अली जी का इंतकाल, अत्यंत दुःखद। उनकी आत्मा को शांति दें भगवान। शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं।
दूसरी ओर अखिलेश यादव श्याद अली के घर पहुंचे और उनको श्रद्धांजलि दी। उन्होंने उनके परिवार के सदस्यों से भी मुलाकात की।
Recommended Video
प्रशिक्षण शिविर में होंगे शामिल
राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में सपा की ओर से दो दिनों का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया है। जिसमें प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होने पहुंचे हैं। सपा सुप्रीमो भी इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गए हैं। पार्टी नेताओं के मुताबिक सपा लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारियों में लगी है। ऐसे में ये प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया।
साल 2004 में पार्टी ने यूपी में बहुत शानदार प्रदर्शन किया और लोकसभा की 35 सीटें जीती थीं। सपा इस बार अपने रिकॉर्ड को तोड़ना चाहती है। इसके लिए कार्यकर्ताओं और नेताओं को प्रशिक्षित किया जा रहा।
वहीं मीडिया से बात करते हुए अखिलेश ने देशभर में जातीय जनगणना की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि मैं बिहार सरकार को बधाई देता हूं, आबादी के हिसाब से लोगों को हक और सम्मान मिले यही पुरानी मांग है, यही बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर जी का संविधान कहता है, यही डॉक्टर राम मनोहर लोहिया जी का संघर्ष और रास्ता रहा, यही नेताजी जीवन भर कहते रहे।












Click it and Unblock the Notifications