भाजपा विधायक के खिलाफ चिपका ऐसा पोस्टर कि उखाड़ने में जुटा बीजेपी खेमा
पोस्टर किस संगठन के इशारे पर किसने लगाया है ये तो नहीं पता चला पर भाजपा समेत विभिन्न पार्टियों के लोग एक-दूसरे की तरफ इशारा करते रहे।
Recommended Video

भदोही। भदोही के ज्ञानपुर नगर में औराई के भाजपा विधायक दीनानाथ भाष्कर, भाजपा जिलाध्यक्ष हौसिला प्रसाद पाठक और महामंत्री राजेन्द्र दुबे के खिलाफ विवादित पोस्टर चिपकाए जाने से राजनीतिक पारा गरम हो गया है। सार्वजनिक स्थानों पर लगे पोस्टर पर कई विवादित बातें लिखी गईं हैं। लोगों ने जैसे ही इस पोस्टर को देखा बात आग की तरह फैलने लगी। नौबत ये आ गई की बीजेपी कार्यकर्ताओं को सुबह-सुबह ही इकट्ठा होना पड़ा और सभी इस पोस्टर को उखाड़ने में जुट गए। पोस्टर किसने लगाया है इसका तो अभी पता नहीं चला है लेकिन इस पोस्टर से इलाके में हड़कंप जरूर मच गया है।

मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने देखा
सोमवार को तड़के लोग मॉर्निंग वॉक के लिए निकले तो केएनपीजी कॉलेज गेट, पुरानी कलक्ट्रेट बालीपुर, पटेल नगर, दुर्गागंज तिराहा समेत विभिन्न स्थानों पर चस्पा पोस्टरों पर लोगों की नजर पड़ी तो खबर जंगल में आग की तरह फैल गई। देखते ही देखते लोगों का जमावड़ा लगना चालू हो गया। आनन-फानन में पहुंचे भाजपाई पोस्टरों को उखाड़ने में जुट गए।

भूमाफिया को संरक्षण का आरोप
सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा पोस्टरों में तीनों नेताओं पर भूमाफिया को संरक्षण देने समेत कई गंभीर आरोप लगाए गए थे। पोस्टर किस संगठन के इशारे पर किसने लगाया है ये तो नहीं पता चला पर भाजपा समेत विभिन्न पार्टियों के लोग एक-दूसरे की तरफ इशारा करते रहे। पोस्टर में भूमाफिया को संरक्षण देने और कोटेदारों से धन उगाही समेत कई आरोप लगाए गए थे। पोस्टर किस प्रिटिंग प्रेस में छपा है उसका नाम भी पोस्टरों से काट दिया गया था। लोगों की नजर इन पोस्टरों पर पड़ी तो राजनीतिक पारा एक बार फिर चढ़ गया। हालांकि ये मामला ज्ञानपुर कोतवाली में नहीं पहुंचा है।

कार्रवाई की मांग तेज
भाजपा जिलाध्यक्ष हौसिला प्रसाद पाठक ने बताया कि भाजपा पदाधिकारियों पर लगे आरोप गलत हैं। भाजपा की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। देश-प्रदेश में भाजपा की बढ़ती लोकप्रियता से बौखलाई विरोधी पार्टियों के लोग ऐसे घृणित काम को अंजाम देकर जनता का ध्यान बांटने का काम कर रहे हैं। जिन लोगों ने इस घृणित काम को अंजाम दिया है, उनके खिलाफ जांच कर शासन स्तर पर कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications