CM योगी आदित्यनाथ को काला झंडा दिखाने वाली पूजा शुक्ला को सपा ने दिया टिकट, लखनऊ नॉर्थ से लड़ेंगी चुनाव
लखनऊ, फरवरी 01। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के मद्देनजर समाजवादी पार्टी ने मंगलवार को 10 उम्मीदवारों की एक लिस्ट जारी की, जिसमें लखनऊ कैंट से पार्टी ने राजू गांधी को टिकट दिया। वहीं लखनऊ नॉर्थ से पूजा शुक्ला को उम्मीदवार बनाया है। इस लिस्ट में सबसे अधिक चर्चा पूजा शुक्ला की ही हो रही है, क्योंकि सपा ने उन्हें पूर्व विधायक अभिषेक मिश्र की जगह टिकट दिया है। अभिषेक मिश्र को अखिलेश यादव का करीबी माना जाता था। ऐसे में उनकी जगह पार्टी ने पूजा पर दांव लगाया है। फिलहाल ये सीट बीजेपी के कब्जे में है।

कौन हैं पूजा शुक्ला
आपको बता दें कि पूजा शुक्ला समाजवादी पार्टी की फायर ब्रांड नेताओं में से एक हैं और पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ने जा रही हैं। पूजा शुक्ला को उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के हर विरोध-प्रदर्शन में शामिल होते देखा गया है। योगी सरकार के खिलाफ सपा के प्रदर्शनों में पूजा शुक्ला बढ़-चढ़कर शामिल हुई हैं, इसके लिए उन्हें कई बार जेल भी जाना पड़ा है।

योगी आदित्यनाथ को दिखाया था काला झंडा
आपको बता दें कि साल 2017 में पूजा शुक्ला ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को काला झंडा दिखाया था, जिसके बाद उन्हें पुलिस ने अरेस्ट किया था और 26 दिनों के लिए जेल भेज दिया था। ये घटना उस वक्त हुई थी, जब योगी आदित्यनाथ लखनऊ विश्वविद्यालय में महाराणा प्रताप की एक मूर्ति का अनावरण करने के लिए जा रहे थे। पूजा के अलावा पुलिस ने 12 अन्य छात्रों को भी अरेस्ट किया था। पूजा शुक्ला लखनऊ यूनिवर्सिटी में वामपंथी संगठन AISA की छात्र नेता रही हैं।

लखनऊ यूनिवर्सिटी में पूजा ने दिया था 2 महीने धरना
योगी आदित्यनाथ को काले झंडे दिखाने के बाद जब पूजा शुक्ला जेल गई थीं तो काफी दिनों बाद उन्हें जमानत मिली थी। जेल से बाहर आने के बाद पूजा शुक्ला को लखनऊ यूनिवर्सिटी में शुरू हुए नए सत्र में उनके आवेदन को रद्द कर दिया था। इसको लेकर उन्होंने यूनिवर्सिटी कैंपस में करीब 2 महीने तक धरना दिया था। इस दौरान पूजा को समाजवादी पार्टी ने छात्र सभा का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया था।












Click it and Unblock the Notifications