अमेठी: बिजली विभाग की लापरवाही से 3 की मौत 6 घायल, मौके पर पहुंचे राहुल गांधी
11 हजार लाइन के तार को दुरुस्त कराकर पोल पर चढ़ाने के लिए जेई ने ग्रामीणों की मदद मांगी लेकिन विभाग के कर्मचारियों की लापरवाही के चलते तार ऊपर जा रहे 33 हजार की लाइन से जा टकराया।
अमेठी। गुरुवार को जहां एक तरफ राहुल गांधी अपने संसदीय क्षेत्र में जनसभा को संबोधित कर रहे थे तो वहीं दूसरी तरफ शुकुल बाजार थाने के महोना के पास पूरे बहाबल बहरपुर में बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए बिजली विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को मदद के लिए बुलाया। अधिकारियों की बड़ी लापरवाही के चलते 3 ग्रामीणों ने हाइटेंशन तार की चपेट में आकर दम तोड़ दिया जबकि 6 ग्रामीण घायल भी हुए। इस बीच हादसे की खबर सुनते ही राहुल गांधी और जिले के अधिकारी मौके पर पहुंचे।


दरअसल बहाबल बहरपुर में बिजली विभाग के जेई समीर अहमद की देखरेख में 11 हजार लाइन की मरम्मत का काम चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो 11 हजार लाइन के तार को दुरुस्त कराकर पोल पर चढ़ाने के लिए जेई ने ग्रामीणों की मदद मांगी। इस बीच कुछ ग्रामीणों ने विभाग के कर्मचारियों के साथ मिलकर तार पकड़ा तो कर्मचारियों की लापरवाही के चलते एकाएक तार ऊपर जा रहे 33 हजार की लाइन में जा टकराया।


जिसमें सप्लाई जारी थी और इससे ये दुर्घटना घट गई। इस दुर्घटना में ग्रामीण आवेश (22), अजीम (25) और रियाज (45) चपेट में आ गए। करंट लगने से तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं रस्सी के सहारे तार को पकड़े ग्रामीण शफीक, शमसुद्दीन, मसरूर, जुबैर, अम्मार और इरफान बुरी तरह झुलस गए। इन घायलों को आसपास के लोगों ने आनन-फानन में सीएचसी जगदीशपुर में भर्ती कराया।

अपने चुनावी प्रचार के लिए अमेठी राहुल गांधी को जब इस घटना की सूचना मिली तो वो भी वहां पहुंचे। अस्पताल पहुंचकर राहुल गांधी ने घायलों का हालचाल जाना और मदद का भरोसा दिलाया। वहीं अधिकारियों के इस लापरवाही से उन पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। एसपी अमेठी अनीस अहमद अंसारी ने बताया की धारा 304 आईपीसी के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications