यूपी के सांसदों के साथ पीएम मोदी आज करेंगे बैठक
नई दिल्ली, 17 दिसंबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश के तमाम सांसदों से आज मुलाकात करेंगे। दरअसल उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की दस्तक के साथ ही प्रदेश की सियासी हलचल बढ़ गई है। इससे पहले पीएम मोदी ने काशी विश्वनाथ कोरिडोर के उद्घाटन के दौरान सभी भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्रियों से मुलाकात की थी। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पीएम मोदी की आज होने वाली यूपी के सांसदों से मुलाकात काफी अहम होगी। रिपोर्ट के अनुसार पीएम मोदी आज तकरीबन 40 सांसदों के साथ दिल्ली में सुबह के नाश्ते पर मुलाकात करेंगे।

दरअसल भारतीय जनता पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव से पहले किसी भी तरह की कसर नहीं छोड़ना चाहती है। भाजपा एक बार फिर से यूपी में सत्ता में वापसी पर अपनी नजर बनाए हुए है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह खुद पार्टी के लिए प्रदेश में प्रचार अभियान में जुटे हैं। खुद प्रधानमंत्री मोदी ने पिछले कुछ महीनों में यूपी के कई दौरे किए हैं। प्रधानमंत्री मोदी योगी आदित्यनाथ के साथ भी कई बैठक कर चुके हैं और दोनों ने यूपी से जुड़े कई अहम मुद्दों पर भी चर्चा की।
वहीं अमित शाह भी उत्तर प्रदेश का कई बार दौरा कर चुके हैं। आज अमित शाह लखनऊ में सरकार बनाओ अधिकार पाओ रैली को संबोधित करेंगे। अमित शाह ने इस बात से भी इनकार किया है कि समाजवादी पार्टी छोटे दलों के साथ गठबंधन करके भाजपा को चुनौती दे सकती है. गौर करने वाली बात है कि यूपी में चुनाव का ऐलान अगले महीने जनवरी माह में हो सकता है। 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 312 सटों पर जीत दर्ज की थी। पार्टी ने कुल 39.67 फीसदी वोट हासिल किए थे। वहीं सपा सिर्फ 47 सीट तो बसपा 19 सीट पर ही जीत दर्ज कर सकी थी। जबकि कांग्रेस ने 7 सीटों पर जीत दर्ज की थी।












Click it and Unblock the Notifications