फेसबुक पर डाली शादी में फायरिंग करती अपनी फोटो, पहुंच गया जेल
बरेली। उत्तर प्रदेश में हर्ष फायरिंग के मामले रुक नहीं रहे हैं। ताजा मामला बरेली के बारादरी क्षेत्र का है जहां एक व्यापारी को एफबी पर हर्ष फायरिंग की फोटो डालना मंहगा पड़ गया है। पुलिस ने मिली शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।

शादी में की थी हर्ष फायरिंग
दरअसल मामला यह है कि हर्ष फायरिंग करने वाला शाकिर साड़ियों के कारोबारी होने के साथ एक मैरिज हॉल का मालिक है। शाकिर ने पीलीभीत बाईपास पर एक शादी में शिरकत की थी। इस दौरान शाकिर ने खुशी में आकर तमंचे से कई फायर किये थे जिसे शाकिर ने एफबी पर अपने मित्रों के साथ शेयर किये थे।

एसएसपी ने दिया कार्रवाई के आदेश
शाकिर के एफबी पर फोटो वायरल होने पर किसी ने इस मामले की शिकायत एसएसपी से कर दी। एसएसपी ने मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस को कार्रवाई करने के आदेश दिए थे। बारादरी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शाकिर को तमंचा सहित गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने किया गिरफ्तार
शाकिर ने पुलिस को पूछताछ में बताया है कि उसने स्वयं ही एफबी पर अपनी फोटो डाली थी। शाकिर ने यह भी बताया कि तमंचा उसके पापा का है। एसएसपी बरेली पहले भी हर्ष फायरिंग के संबंध में कह चुके हैं कि शादी समारोह में हर्ष फायरिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। आपको बताते चलें कि पहले भी बरेली जिले में कई शादी समारोह में कई लोगों की हर्ष फायरिंग में मौत हो चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications