Nikki Case: ‘पापा मुझे ले जाओ, मार देंगे मुझे, नर्क जैसी जिंदगी दी’, जिंदा जली बेटी का दर्द पिता की जुबानी
Greater Noida Nikki Bhati Murder Case Timeline: ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव में 28 वर्षीय निक्की भाटी की दहेज के लिए क्रूर हत्या ने एक परिवार का दिल तोड़ दिया और पूरे देश को हिलाकर रख दिया। 21 अगस्त 2025 की रात को पति विपिन भाटी, सास दया भाटी, ससुर सत्यवीर भाटी, और जेठ रोहित भाटी ने कथित तौर पर निक्की को पीटने के बाद मिट्टी का तेल डालकर जिंदा जला दिया।
निक्की की चीखें, 'पापा, मुझे ले जाओ, ये मुझे मार देंगे,' उसके पिता भिकारी सिंह पायला के कानों में आज भी गूंज रही हैं। निक्की की बहन कंचन ने खुलासा किया कि विपिन दूसरी शादी की साजिश में निक्की को रास्ते से हटाना चाहता था। चारों आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में हैं, लेकिन निक्की का दर्द और उसका मासूम बेटा समाज से इंसाफ की गुहार लगा रहा है।

पिता का बिलखता दर्द: 'कसाइयों ने नर्क जैसी जिंदगी दी'
आंसुओं में डूबी निक्की की दादी बताती हैं कि 'निक्की कहती थी, पापा, मुझे यहां (ससुराल) से ले चलो, मुझे खतरा है, मार देंगे।' लेकिन उसका पिता भिकारी समझाता रहा, वो समझ जाएंगे, तुम भी समझ जाओ बेटा। निक्की को भूखा रखते थे, मारते थे। आखिर में चारों दरिंदों ने मार दिया। वहीं, मीडिया से बात करते हुए पिता ने बताया कि मैं समझाता रहा कि सब ठीक हो जाएगा। हमने स्कॉर्पियो, बुलेट, 11 तोले सोना, और नकदी दी, फिर भी इन कसाइयों की लालच खत्म नहीं हुई। मेरी बेटी ने पार्लर चलाकर अपने बेटे को पाला, लेकिन इन्होंने उसे नर्क जैसी जिंदगी दी और आखिर में जला दिया।'
दूसरी शादी की साजिश: कंचन का सनसनीखेज खुलासा
निक्की की बड़ी बहन कंचन, जो उसी परिवार में रोहित भाटी से शादीशुदा है, ने बताया, 'विपिन और ससुराल वाले निक्की को हटाकर उसकी दूसरी शादी की योजना बना रहे थे। घटना की रात मुझे भी 1:30 से 4:00 बजे तक पीटा गया, मैं बेहोश हो गई। उन्होंने निक्की को मार डाला ताकि विपिन दूसरी शादी कर सके।' कंचन ने कहा कि ससुराल वालों ने दोनों बहनों को लगातार प्रताड़ित किया, जिसमें मारपीट और तेजाब फेंकने की धमकियां शामिल थीं।
'एक नंबर का अय्याश था विपिन'
निक्की की शादी 2016 में विपिन भाटी से हुई थी। शुरू में कोई दहेज नहीं लिया गया, लेकिन छह महीने बाद ससुराल वालों ने ₹36 लाख की मांग शुरू की। निक्की के पिता ने बताया, 'हमने स्कॉर्पियो SUV, रॉयल एनफील्ड बुलेट, 11 तोले सोना, और नकदी दी। हाल ही में मैंने एक मर्सिडीज खरीदी, जिसकी मांग विपिन ने की।'आगे बताया कि एक नंबर का अय्याश का था, बेटी किसी तरह काम करके बेटे को पालती थी।

'पार्लर चलाने और रील्स बनाने पर मिलती थी मार'
पुलिस के मुताबिक, हत्या की तात्कालिक वजह निक्की की ब्यूटी पार्लर फिर से खोलने की इच्छा थी। 21 अगस्त को दोपहर 3:30 बजे निक्की ने विपिन से कहा कि वह अपनी बहन कंचन के साथ पार्लर शुरू करना चाहती है। विपिन ने इस पर आपत्ति जताई और निक्की की इंस्टाग्राम रील्स पर भी ताने मारे। कासना थाना प्रभारी धर्मेंद्र शुक्ला ने बताया, 'विपिन ने कहा कि उनके परिवार में रील्स बनाना और पार्लर चलाना मना है। बात बिगड़ गई, और उसने निक्की पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा दी।'

सास-ससुर और जेठ की गिरफ्तारी
24 अगस्त की देर रात सास दया भाटी को जिम्स अस्पताल के पास से गिरफ्तार किया गया, जहां वह अपने घायल बेटे विपिन को देखने जा रही थी। कंचन ने बताया कि दया ने निक्की पर मिट्टी का तेल डाला था। ससुर सत्यवीर और जेठ रोहित को भी 25 अगस्त तक गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (हत्या), 115(2) (जानबूझकर चोट), और 61(2) (आपराधिक साजिश) के तहत मामला दर्ज किया है।
Nikki Bhati Murder Case Timeline: निक्की भाटी हत्याकांड में कब-कब क्या हुआ?
- 21 अगस्त 2025: रात को विपिन भाटी, सास दया भाटी, ससुर सत्यवीर भाटी, और जेठ रोहित भाटी ने कथित तौर पर निक्की को पीटने के बाद मिट्टी का तेल डालकर जिंदा जला दिया।
- 22 अगस्त: विपिन को गिरफ्तार किया गया। बाकी सभी फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस जुट गई।
- 24 अगस्त: 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस विपिन को सबूतों की छानबीन के लिए मौके पर लेकर पहुंचे, जहां इंस्पेक्टर की गन छीनकर भागने की कोशिश की। मुठभेड़ में विपिन के पैर पर गोली लगी। देर शाम आरोपी सास दया भाटी पुलिस की गिरफ्त में आ गई।
- 25 अगस्त: पुलिस ने फरार ससुर सत्यवीर भाटी, और जेठ रोहित भाटी को गिरफ्तार कर लिया।
क्या मिलेगा इंसाफ?
निक्की की हत्या ने दहेज प्रथा और पारिवारिक हिंसा की भयावह सच्चाई को उजागर किया है। चारों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद इंसाफ की उम्मीद जगी है, लेकिन क्या यह मामला दहेज के खिलाफ सख्त कानूनों की मांग को बल देगा? निक्की की चीखें और मासूम बेटे की गवाही हर उस परिवार के लिए सवाल छोड़ गई हैं, जिसने अपनी बेटी को दुल्हन बनाकर विदा किया था।
ये भी पढ़ें- Nikki Case: क्यों जिंदा जलाई गई निक्की? दहेज के सिवा हत्या की ये है बड़ी वजह, बहन ने खोला हत्यारे देवर का राज!












Click it and Unblock the Notifications