बेटी को कांग्रेस पार्टी से टिकट मिलने पर बोले मुनव्वर राणा, कहा- मुझे मीडिया के जरिए ही मिली जानकारी
लखनऊ, जनवरी 31। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी ने सोमवार को 6 उम्मीदवारों की एक लिस्ट जारी की। इस लिस्ट में शायर मुनव्वर राणा की बेटी उरूसा राणा का भी नाम शामिल था। कांग्रेस पार्टी ने उरूसा को उन्नाव की पुरवा सीट से उम्मीदवार बनाया है। बेटी को टिकट मिलने की खबर पर शायर मुनव्वर राणा ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि उन्हें इस बात का बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था कि उनकी बेटी को टिकट मिल जाएगा। उन्हें मीडिया के जरिए ही पता चला था।

बेटी को टिकट मिलने पर क्या बोले मुनव्वर राणा
आज तक की खबर के मुताबिक, मुनव्वर राणा ने कहा कि हमारी सभी बेटियों की शादी हो गई है, ऐसे में अब उनको खुद ही ये फैसला लेने है। मुनव्वर राणा ने कहा कि वह उनका फैसला है कि वह किस पार्टी में जाती हैं। सियासत में जाना उनका शौक है, कोई किसी पार्टी में है, तो कोई किसी पार्टी में। मेरी कोई जिम्मेदारी नहीं है कि मैं कुछ भी बोलूं, क्योंकि सियासत में मेरी कोई भी जिम्मेदारी कभी नहीं रही है।
मुनव्वर राणा ने शायराना अंदाज में कही ये बात
मुनव्वर राणा ने कहा कि सियासत में इन दिनों जो हो रहा है, वह मेरी इजाजत के बगैर हो रहा है, यूपी में इस वक्त चुनाव का समय है तो ऐसे में एक शायर और शहरी की हैसियत से मैं यही कहना चाहता हूं कि जो जीतकर आते हैं, खुदा उनको तौफीक दे। मुनव्वर राणा ने कहा- "मोहब्बत के बीच कितने भी नफरत की हवा वहां से गुजरे तो वह खुशबूदार हो जाए। नफरतों से न डरे, गरीबी, भुखमरी जो लोगों का मुकद्दर बन गया है यह सब चीजें खत्म हो जाएं।"












Click it and Unblock the Notifications