कुलभूषण जाधव को मिली मौत की सजा पर रोईं शहीद हेमराज की मां
कुलभूषण जाधव को मिली मौत की सजा पर शहीद हेमराज की मां ने कहा कि उन्होंने तो अपना बेटा खो दिया लेकिन सरकार को एक और बेटे को खोने से बचाना चाहिए।
मथुरा। सरहद पर शहीद हुए लांस नायक हेमराज के परिवार वालों ने मोदी सरकार से गुहार लगाई है कि कुलभूषण जाधव की फांसी रुकवाए। शहीद के परिजनों ने नापाक पाकिस्तान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की मांग भी की है। शहीद हेमराज के परिजनों का कहना है कि वो अपना बेटा खो चुके हैं लेकिन अब मोदी सरकार कुलभूषण को बचाए ताकि एक परिवार फिर अपना लाल न खो दे।

शहीद का परिवार केंद्र और राज्य सरकार की उपेक्षा से बेहद नाराज है। परिवार वालों का कहना है कि जिस बेटे ने मुल्क की सुरक्षा के लिए दुश्मनों से लड़ते हुए सिर तक कटा दिया, उसकी ऐसी उपेक्षा से हम टूट चुके हैं। केंद्र और प्रदेश सरकार ने हेमराज की शहादत के बाद जो वादे किए थे वो एक भी पूरा नहीं किया।
2013 में लांस नायक हेमराज सिंह की एलओसी पर पाकिस्तानी सैनिकों ने बर्बर हत्या कर दी थी और सर काटकर अपने साथ ले गए थे। हेमराज की माँ मीना देवी का कहना है कि मेरा बेटा तो चला गया लेकिन कुलभूषण की जान बचानी चाहिए। सरकार ने जो वादे किये वो पूरे नहीं किये। समाधि भी हमने खुद बनवाई। समाधि स्थल की कोई देखरेख नहीं है, वहां लोग गन्दगी फैला रहे हैं। हमारा बेटा तो शहादत देकर चला गया, सरकार कोई सुनवाई नहीं कर रही। ऐसे कैसे शहीद के परिवार हिम्मत कर पायेंगे?
वहीं हेमराज के छोटे भाई जय सिंह ने बताया कि पाकिस्तान एक कायर देश है। पहले उन्होंने मेरे भाई का सर कलम करवाया फिर सरबजीत को जेल में मरवा दिया, आये दिन हमारे सैनिक भाई बॉर्डर पर शहीद हो रहे है, अब निर्दोष कुलभूषण जी को फांसी की सजा सुना दी है । हम प्रधानमंत्री मोदी से कहना चाहते है कि पाकिस्तान पर ऐसा दबाव बनाए कि कुलभूषण की सजा खत्म की जाए और वह सकुशल वापस घर आये।












Click it and Unblock the Notifications