Mission Shakti 5.0 अभियान से यूपी में सुरक्षा का नया अध्याय, एंटी रोमियो स्क्वायड की सख्त पहरेदारी
Mission Shakti 5.0: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेशभर में चलाए जा रहे मिशन शक्ति 5.0 अभियान ने नवरात्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को नई मजबूती दी है। यूपी पुलिस की एंटी रोमियो स्क्वायड ने मंदिरों, बाजारों, पार्कों और मॉल में लगातार गश्त कर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की।
अभियान के दौरान पुलिस ने 1 लाख 8 हजार से ज्यादा स्थानों की जांच की और करीब 9 लाख 77 हजार लोगों की पहचान की। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए 2,542 मुकदमे दर्ज किए गए और 3,972 लोगों को हिरासत में लिया गया। वहीं, 3 लाख से ज्यादा लोगों को चेतावनी दी गई कि वे सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन बनाए रखें।

नोडल अधिकारी एडीजी पद्मजा चौहान ने बताया कि अभियान का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण देना और समाज में अनुशासन बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि हर महिला बिना डर के अपने काम और पूजा-पाठ कर सके।
नवरात्रि पर सख्त सुरक्षा व्यवस्था
नवरात्र के दौरान प्रदेश में 55 हजार से अधिक पूजा पंडाल और 4,900 रामलीला स्थल बने। सभी जगह पुलिस और प्रशासन की विशेष टीमों ने निगरानी रखी। श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के त्योहार में शामिल हुए।
पूरे प्रदेश में 37 हजार से ज्यादा अधिकारी और पुलिसकर्मी तैनात रहे। इनमें 400 से अधिक राजपत्रित अधिकारी, करीब 8 हजार निरीक्षक और 22 हजार से ज्यादा आरक्षी शामिल थे। लगातार गश्त और निगरानी से माहौल शांतिपूर्ण रहा।
महिला चौपालों में मिली बड़ी भागीदारी
महिलाओं को जागरूक करने के लिए पूरे प्रदेश में 39 हजार से ज्यादा महिला चौपालें लगाई गईं। इनमें 20 लाख से अधिक लोग शामिल हुए। महिला चौपालों में आत्मरक्षा, हेल्पलाइन नंबर और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
सरकार की ओर से 1.56 करोड़ फोल्डर, पंपलेट और स्टीकर बांटे गए, ताकि सुरक्षा संदेश ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंच सके। लोगों ने इस पहल की सराहना की और कहा कि अब पुलिस पर भरोसा बढ़ा है।
महिलाओं में बढ़ा आत्मविश्वास
नवरात्र के दौरान एंटी रोमियो स्क्वायड की सक्रियता से महिलाएं निडर होकर मंदिरों और बाजारों में गईं। भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की मौजूदगी ने सुरक्षा का एहसास कराया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर सरकार की सख्त नीति जारी है। समाज के सहयोग से यह अभियान और प्रभावी बनेगा।












Click it and Unblock the Notifications