AI Impact Summit: कांग्रेसियों के 'अर्द्धनग्न' प्रदर्शन से भड़कीं मायावती, आरोपियों को 5 दिन की पुलिस रिमांड
AI Impact Summit: नई दिल्ली में आयोजित 'एआई इम्पैक्ट समिट' के दौरान हुए विवादित विरोध प्रदर्शन पर बहुजन समाज पार्टी (BSP) की प्रमुख मायावती ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में कुछ लोगों द्वारा अर्धनग्न होकर किए गए विरोध को मायावती ने 'अति-अशोभनीय और निंदनीय' करार दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए गंभीर सवाल उठाए हैं।
उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर लिखा, 'नई दिल्ली में आयोजित 'एआई इम्पैक्ट समिट', जिसमें देश व विदेश के भी काफी प्रमुख लोग आमंत्रित थे तथा यह इवेन्ट अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खि़यों में था, इस दौरान जिन भी लोगों द्वारा अर्द्धनग्न होकर अपना रोष प्रकट किया है जिसमें अधिकतर कांग्रेसी युवा बताये जा रहे हैं, वह अति-अशोभनीय व निन्दनीय है।'

उन्होंने आगे लिखा, 'अगर यह सम्मेलन अन्तर्राष्ट्रीय स्तर का नहीं होता तो अलग बात थी, किन्तु समिट के दौरान ऐसा आचरण करना यह चिन्ता की बात है अर्थात अपने देश की गरिमा व इमेज को ना बिगाड़ा जाये तो यह उचित होगा।'
दरअसल, नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 'एआई इम्पैक्ट समिट' (AI Impact Summit) उस समय विवादों में घिर गया जब भारतीय युवा कांग्रेस (IYC) के कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ 'अर्द्धनग्न' होकर विरोध प्रदर्शन किया। अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में हुए इस हंगामे पर बहुजन समाज पार्टी (BSP) की प्रमुख मायावती ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए इसे 'अति-अशोभनीय और निंदनीय' करार दिया है।
अश्विनी वैष्णव ने कांग्रेस को बताया 'युवा विरोधी'
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस की कड़ी आलोचना की। उन्होंने समिट में आए प्रदर्शकों और स्टार्टअप्स से मिले फीडबैक का हवाला देते हुए कहा कि सभी ने युवा कांग्रेस की इस हरकत की निंदा की है। वैष्णव ने कहा कि जहां एक ओर समिट में बेहतरीन तकनीकी समाधान पेश किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस राजनीति में इतने निचले स्तर पर गिर गई है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कांग्रेस पार्टी को 'युवा विरोधी' करार दिया।
भाजपा सांसद संबित पात्रा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस पर कड़ा प्रहार करते हुए उन्हें 'बेशर्म, टॉपलेस और ब्रेनलेस' (Shameless, Topless, Brainless) बताया। पात्रा ने कहा कि जब प्रधानमंत्री के साथ फ्रांस के राष्ट्रपति और दुनिया भर के नेता भारत की प्रशंसा कर रहे हैं, तब राहुल गांधी और उनकी पार्टी देश की छवि बिगाड़ने का काम कर रही है। उन्होंने राहुल गांधी को 'देश का सबसे बड़ा गद्दार और स्पॉइलर' तक कह डाला जो हर महत्वपूर्ण अवसर पर बाधा डालते हैं।
आरोपियों को 5 दिन की पुलिस रिमांड
दूसरी ओर, भारतीय युवा कांग्रेस ने अपने बयान में इस 'शर्टलेस' प्रदर्शन को प्रधानमंत्री के खिलाफ एक विरोध बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने एआई समिट में देश की पहचान का सौदा किया है। इस हंगामे के बाद दिल्ली पुलिस ने चार युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रदर्शनकारियों पर गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है और उन्हें 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।












Click it and Unblock the Notifications