यूपी: सिर और चेहरे पर किए कई वार, फिर शव को गांव की गलियों में घसीटा
बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत में एक युवक के सिर और चेहरे पर धारदार हथियारों से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्या करने के बाद उसके शव को गांव की गलियों में घसीटते हुए गांव के बाहर तालाब में फेंक दिया। बुधवार सुबह शव को देख परिजनों में कोहराम मच गया, हंगामा करते हुए परिजनों ने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी होने तक शव को उठाने से इनकार कर दिया।

घटना बागपत के बड़ौत थाना क्षेत्र के ट्योढ़ी गांव की है। अंकित शर्मा पुत्र रामकुमार शर्मा गांव में ढिकाना वाले रास्ते पर चाय-समोसे की दुकान करता था। परिजनों के अनुसार गांव के पांच युवक मंगलवार की शाम अंकित को घर से बुलाकर ले गए, जो कि देर रात तक नहीं लौटा। परिजनों ने अंकित की काफी तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं लगा। बुधवार सुबह गांव के बाहर तालाब में अंकित का शव पड़ा मिला। उसके सिर और चेहरे पर धारदार हथियारों से काटे जाने के निशान थे। तालाब पर जाने वाले एक गली में खून के निशान के रास्ते परिजन उस मकान तक पहुंच गए। जहां पर अंकित की हत्या की गई।

मृतक के बड़े भाई अजय शर्मा ने बताया कि गांव के दलित मोहल्ले में ही एक घर में अंकित को पहले बांधा गया और उसके बाद उसके सिर और चेहरे पर धारदार हथियार से वार कर बेरहमी से उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने उसके शव को घसीटते हुए गांव के बाहर तालाब में फेंक दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस को ग्रामीणों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी होने तक शव को उठाने से इनकार कर दिया। इस दौरान परिजनों व पुलिस के बीच नोकझोंक भी हुई। बाद में एसपी जयप्रकाश के आश्वासन पर परिजन शांत हुए और अंकित का शव उठने दिया। एसपी ने बताया कि परिजनों ने नामजद तहरीर दे दी है, मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा।
चार नामजद आरोपियों पर मुकदमा दर्ज
एसपी जय प्रकाश ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर चार नामजद एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। एसपी ने बताया कि नामजद आरोपियो को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जायेगा। फिलहाल सभी आरोपी अभी फरार है।












Click it and Unblock the Notifications