Maha Kumbh 2025: जानिए कैसे होगी करोड़ों श्रद्धालुओं की सुरक्षा? चप्पे-चप्पे पर जवान, हो रही है विशेष निगरानी
Maha Kumbh 2025: महाकुंभ मेला शुरू होने में अब कुछ ही समय शेष बचा है और सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियां जोरों पर हैं। प्रशासन ने 278 प्वाइंट पर दो हजार सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया है। शहर के 12 प्रमुख प्रवेश बिंदुओं पर लंबी दूरी के हथियारों के साथ सशस्त्र जवानों को तैनात किया गया है।
सुरक्षा योजना के तहत शहर को सात गोलाकार जोन में बांटा गया है। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए शहर के मुख्य मार्गों और संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष निगरानी की जा रही है। कौशांबी-प्रयागराज और प्रयागराज एयरपोर्ट रोड जैसे महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष मोर्चे बनाए गए हैं।

इंट्री प्वाइंट्स पर चाक-चौबंद सुरक्षा
रीवा-प्रयागराज, बांदा-प्रयागराज और मिर्जापुर-प्रयागराज रूट पर सुरक्षा को खास प्राथमिकता दी गई है। इन रूटों पर बांगर चौराहा और जीटी जवाहर चौराहा जैसे प्वाइंटों पर हथियारबंद जवानों को तैनात किया गया है। डीसीपी नगर अभिषेक भारती ने बताया कि हर एंट्री प्वाइंट पर तीन शिफ्टों में पुलिसकर्मी 24 घंटे सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं।
मेला क्षेत्र में किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए 278 प्वाइंटों पर तैनात जवानों को पूरी तरह तैयार कर दिया गया है। आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा काे ध्यान में रखते हुए बालसन और टीबी अस्पताल चौराहे जैसे संवेदनशील इलाकों में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
सुरक्षा के लिए शहर में दो बख्तरबंद वाहनों को तैनात किया गया है। ये वाहन शहर से मेला क्षेत्र की ओर जाने वाले छह प्रमुख रूटों पर गश्त कर रहे हैं। हर दो घंटे पर रूट बदलकर गश्त की जा रही है, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों में सुरक्षा का भरोसा बना रहे।
ग्रामीण इलाकों में बढ़ाई गई सुरक्षा
प्रयागराज के ग्रामीण इलाकों में भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मप्र सीमा पर कोरांव, शंकरगढ़ और खीरी में 13 अंतरराज्यीय चेकपोस्ट बनाए गए हैं। वहीं, एयरपोर्ट, मऊआइमा, फूलपुर, हंडिया और मेजा में 15 अंतरजनपदीय चेकपोस्ट लगाए गए हैं।
इन चौकियों पर 24 घंटे पुलिसकर्मी निगरानी रख रहे हैं। हर आने-जाने वाले वाहन और व्यक्ति की जांच सुनिश्चित की जा रही है। महाकुंभ 2025 के लिए यह व्यापक सुरक्षा व्यवस्था श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित और सुखद अनुभव सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।












Click it and Unblock the Notifications