Rashmi कौन थी? UP पुलिस कांस्टेबल ने पत्नी को दी खौफनाक मौत, बच्चे को गोद में लेकर घूमा-लाश संग बिताए घंटों
Lucknow Rashmi Murder Case: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में यूपी पुलिस के हेड कांस्टेबल ने एक सनसनीखेज हत्याकांड को अंजाम दिया। लोहे की रॉड से सिर पर वार करके अपनी पत्नी रश्मि की हत्या कर दी। गंभीर चोट लगने के बाद रश्मि की मौत हो गई। खास बात यह है कि पत्नी को मौत के घाट उतारने के बाद, गोद में 1 साल के बेटे को लेकर पड़ोसियों के पास गप्पे मारने निकल पड़ा। 3 घंटें बाद घर वापस लौटा और पत्नी की लाश के पास ही बैठा रहा। घटना के बाद आरोपी पति को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मामला महानगर क्षेत्र के पेपर मिल इलाके का बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, हेड कांस्टेबल हिमांशु श्रीवास्तव 2011 बैच का है और पिछले करीब ढाई साल से परिवार के साथ यहां किराए के मकान में रह रहा था। वह मूल रूप से अयोध्या का रहने वाला है और लखनऊ के डालीगंज स्थित सूचना अधिकार (RTI) प्रकोष्ठ कार्यालय में तैनात था। आइए विस्तार से जानते हैं कि आखिर, लाश के पास क्यों बैठा रहा?

Who Was Rashmi Srivastava: कौन थी रश्मि श्रीवास्तव?
रश्मि श्रीवास्तव की उम्र करीब 40 साल थी और वह मूल रूप से अंबेडकरनगर की रहने वाली थीं। वर्ष 2015 में उनकी शादी हिमांशु श्रीवास्तव से हुई थी। दोनों का एक साल का बेटा है। परिवार के मुताबिक, शादी के बाद से ही रश्मि और हिमांशु के बीच विवाद रहता था। रश्मि के भाई सौरभ श्रीवास्तव ने आरोप लगाया है कि उनकी बहन को लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा था। उनका दावा है कि हिमांशु ने पहले भी रश्मि का गला घोंटने की कोशिश की थी। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।
कहासुनी के बाद लोहे की रॉड से हमला, फिर लाश के पास बैठा रहा
पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर को हिमांशु और रश्मि के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि कहासुनी के दौरान हिमांशु ने रश्मि के सिर पर लोहे की रॉड से वार कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने और अधिक खून बहने से रश्मि की मौत हो गई।
घटना के बाद हिमांशु कुछ समय तक मकान मालिक के पास बैठा रहा। इसके बाद वह अपने एक साल के बेटे को गोद में लेकर करीब तीन घंटे तक बाहर घूमता रहा। बाद में वह घर लौटा और कथित तौर पर पत्नी के शव के पास बैठ गया।
फोन नहीं उठा तो भाई को हुई अनहोनी की आशंका
रश्मि का फोन लगातार नहीं उठने पर उनके भाई सौरभ श्रीवास्तव को चिंता हुई। इसके बाद वह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ पेपर मिल इलाके स्थित घर पहुंचे। सौरभ के मुताबिक, घर के अंदर रश्मि किचन के पास फर्श पर खून से लथपथ हालत में पड़ी थीं। उनकी मौत हो चुकी थी। हिमांशु भी घर में मौजूद था, लेकिन परिवार के पूछने पर उसने कथित तौर पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। इसके बाद मायके वालों ने पुलिस को सूचना दी।
परिवार का आरोप- शादी के बाद से प्रताड़ित कर रहा था
रश्मि के भाई ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही हिमांशु उनकी बहन को परेशान करता था। उनका कहना है कि पुलिस विभाग में नौकरी होने के कारण वह पहले भी कार्रवाई से बचता रहा। परिवार का दावा है कि रश्मि ने शादी और परिवार को बचाए रखने के लिए कथित प्रताड़ना को लंबे समय तक सहन किया। रश्मि के पिता ने बताया कि जन्माष्टमी के दिन बेटी ने उन्हें मैसेज कर बताया था कि सब ठीक है। परिवार को अंदाजा नहीं था कि इसके बाद ऐसी घटना सामने आएगी।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर के मुताबिक, घटना की सूचना मिलने के बाद महानगर पुलिस मौके पर पहुंची। घर के फर्श पर रश्मि का शव मिला, जिसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने हिमांशु श्रीवास्तव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हत्या के पीछे की वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।


Click it and Unblock the Notifications
