Lucknow News: राजनाथ सिंह और सीएम योगी ने लॉन्च की ब्रह्मोस यूनिट, यूपी बना डिफेंस सेक्टर का नया हब
Lucknow news: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ रविवार को एक बड़े गौरवशाली पल का गवाह बनी। देश की सुरक्षा ताकत में इजाफा करते हुए यहां ब्रह्मोस एयरोस्पेस की नई यूनिट का उद्घाटन किया गया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने वर्चुअल माध्यम से इस परियोजना को राष्ट्र को समर्पित किया।
इस ऐतिहासिक मौके पर लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के साथ ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहे। ब्रह्मोस को दुनिया की सबसे घातक सुपरसोनिक क्रूज मिसाइलों में गिना जाता है, और इसकी नई यूनिट भारत की रक्षा शक्ति को और मजबूत करेगी। समारोह के दौरान यूपी में स्ट्रैटेजिक मैटेरियल्स टेक्नोलॉजी कॉम्प्लेक्स का भी उद्घाटन किया गया।

यह प्लांट रक्षा और अंतरिक्ष क्षेत्र के लिए अत्याधुनिक सामग्रियों का निर्माण करेगा, जिनका इस्तेमाल चंद्रयान मिशन से लेकर लड़ाकू विमानों तक में किया जाएगा। इससे उत्तर प्रदेश में रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में नई क्रांति की शुरुआत मानी जा रही है।
योगी आदित्यनाथ ने दिए आत्मनिर्भर भारत को नए आयाम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मौके पर अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश अब रक्षा क्षेत्र में नई बुलंदियां छू रहा है। उन्होंने तीनों सेनाओं के ऑपरेशन सिंदूर में योगदान की सराहना करते हुए कहा कि यूपी आतंकवाद के खिलाफ हर चुनौती का डटकर सामना करने के लिए तैयार है।
सीएम योगी ने गर्व से कहा कि अब कोई पाकिस्तान से जाकर पूछे कि ब्रह्मोस की ताकत कैसी होती है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि आने वाले वर्षों में 50 हजार करोड़ रुपये का निवेश लाया जाए और 1 करोड़ युवाओं को रोजगार के अवसर दिए जाएं।
ब्रह्मोस एयरोस्पेस की यह नई सुविधा मिसाइलों के इंटीग्रेशन और टेस्टिंग में अहम भूमिका निभाएगी। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2018 में उत्तर प्रदेश डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर की नींव रखी थी। इस कॉरिडोर में छह शहर-लखनऊ, कानपुर, अलीगढ़, आगरा, झांसी और चित्रकूट शामिल हैं।
सबसे तेज सुपरसोनिक मिसाइल, अब यूपी में तैयार
लखनऊ में ब्रह्मोस यूनिट के साथ-साथ डिफेंस टेस्टिंग इंफ्रास्ट्रक्चर सिस्टम की भी आधारशिला रखी गई। इस दौरान कार्यक्रम में डिफेंस कॉरिडोर की प्रगति पर आधारित शॉर्ट फिल्मों का प्रदर्शन भी किया गया, जिसने वहां मौजूद हर शख्स में गर्व का भाव भर दिया।
ब्रह्मोस प्रोडक्शन यूनिट को महज साढ़े तीन साल में खड़ा किया गया है, जो अपने आप में एक मिसाल है। भारत और रूस के संयुक्त प्रयास से बनी यह मिसाइल आज दुनिया की सबसे तेज सुपरसोनिक क्रूज मिसाइलों में से एक है।
इसकी मारक क्षमता करीब 290 से 400 किलोमीटर तक है और यह ध्वनि की गति से तीन गुना तेज यानी मैक 2.8 की स्पीड से हमला करती है। खास बात यह है कि इसे जमीन, हवा और समुद्र से लॉन्च किया जा सकता है और यह 'फायर एंड फॉरगेट' तकनीक पर काम करती है, जिससे दुश्मन के रडार इसे पकड़ नहीं पाते।












Click it and Unblock the Notifications