'कांग्रेस मेरे खून और आत्मा में', स्मृति ईरानी से मिलने वाले नेता की सफाई, जानें क्या बोले विकास अग्रहरि?
Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव के पहले कभी कांग्रेस का गढ़ रही अमेठी से एक खबर और एक तस्वीर सामने आई। फोटो थी अमेठी से कांग्रेस नेता और प्रदेश सह समन्वयक विकास अग्रहरि की, जो केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के साथ, जिसके बाद कयास लगाए जाने लगे की विकास अग्रहरि ने भाजपा को दामन थाम लिया, लेकिन अब इस पूरे मामले में कांग्रेस नेता ने सफाई पेश की है।
अमेठी कांग्रेस नेता विकास अग्रहरि ने भाजपा में शामिल होने की खबरों का खंडन किया है। इसी के साथ उन्होंने स्मृति ईरानी के आवास पर मुलाकात का कारण भी बताया। गुरुवार को उन्होंने कहा कि वह भाजपा में शामिल नहीं हुए हैं।

खुद को कांग्रेस का सिपाही बताते हुए प्रदेश सह-समन्वयक विकास अग्रहरि ने कहा कि वह तो सिर्फ मंत्री स्मृति ईरानी से मिलने गये थे और वह पूरी मजबूती से कांग्रेस के साथ हैं। उन्होंने भाजपा में शामिल होने की खबरों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि कांग्रेस को "कभी नहीं छोड़ा", साथ ही यह भी कहा कि "पार्टी उनके खून और आत्मा में है।"
'मेरे खून में कांग्रेस है। मेरी आत्मा में कांग्रेस'
अपनी सफाई में कांग्रेस नेता ने कहा कि, "मैंने कभी कांग्रेस नहीं छोड़ी। सच्चाई यह है कि मैं भाजपा में शामिल नहीं हुआ हूं। मेरे खून में कांग्रेस है। मेरी आत्मा में कांग्रेस है। मेरे मन में कांग्रेस है। मैं किसी से डरने वाला नहीं हूं।"
अमेठी में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने आगे कहा कि वह अपने क्षेत्र के मुद्दों को लेकर उनसे मिलने गए थे, उन्होंने कहा कि वह कभी भी भाजपा में शामिल नहीं हुए।
'भगवा वस्त्र 'भाजपा का गमछा' नहीं'
विकास अग्रहरि ने कहा, "मैं अपने क्षेत्र के मुद्दों को लेकर उनसे मिलने गया था। जब लोग एक-दूसरे से मिलते हैं तो औपचारिक स्वागत होता है। वहां भी ऐसा ही हुआ लेकिन बाद में जब मैं वापस आया तो मुझे पता चला कि मीडिया में खबरें हैं कि मैं भाजपा में शामिल हो गया हूं लेकिन सच्चाई यह है कि मैंने वहां कोई बयान नहीं दिया, मेरा कोई वीडियो नहीं है जो यह स्थापित करता हो कि मैं भाजपा में शामिल हो गया हूं। मैं यहां इसका खंडन करने आया हूं।भगवा वस्त्र 'भाजपा का गमछा' नहीं था, वह एक सामान्य गमछा था।"












Click it and Unblock the Notifications