यूपी: आगरा में थाने के सामने बदमाशों ने वकील को मारी गोली, पुलिस ने कुछ घंटे बाद पकड़ लिए बदमाश
आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा में बदमाशों ने थाने से चंद कदमों की दूरी पर वकील की गोली मार दी। थाने के पास हुई इस वारदात से हड़कंप मच गया। आनन-फानन में घायल वकील को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद पुलिस ने कुछ ही घंटों में हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों के पास से गाड़ी और पिस्टल बरामद की गई है। इस गोलीकांड के पीछे पहले कचहरी में हुआ विवाद बताया जा रहा है।

मामला न्यू आगरा थाना क्षेत्र के भगवान टॉकीज के पास का है। दीवानी परिसर में बुधवार दोपहर को दो पक्षों में जमानत को लेकर विवाद हो गया। इस बीच दोनों के बीच हाथापाई तक मामला पहुंच गया। एडवोकेट आशुतोष श्रोत्रिय अपने साथियों के साथ थाना न्यू आगरा में शिकायत करने पहुंचे। दूसरा पक्ष भी थाने के पास पहुंच गया और आशुतोष श्रोत्रिय पर फायर कर दिया। अचानक गोली की आवाज से चारों ओर अफरातफरी का माहौल हो गया। आसपास भगदड़ मच गई। इसका फायदा उठाते हुए हमलावर भाग निकले। पुलिस थाने के सामने हुई इस वारदात के बाद अधिवक्ता आक्रोशित हो गए और पुलिस से जमकर नोकझोंक भी हुई। इस दौरान उन्होंने सड़क भी जाम करने की भी कोशिश की।
गोली वकील आशुतोष श्रोत्रिय के पेट में लगी है। गोली की आवाज सुनकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल वकील को इलाज के लिए पुष्पांजलि अस्पताल में भर्ती कराया हैं, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर आलाधिकारी पहुंच गए। एसएसपी अमित पाठक ने बताया कि घायल व्यक्ति के बेहतर इलाज के प्रयास जारी हैं। वहीं हमलावारों को जल्दी ही पकड़ लिया जाएगा। मामला दीवानी परिसर में जमानत को लेकर जुड़ा है। इस बयान के कुछ घंटे बाद ही एमएसपी पाठक की ओर से जानकारी दी गई कि हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
यह था मामला
बता दें कि बराजीव टाटा और आइआइएमटी नर्सिंग कालेज के हरेंद्र बैरागी का 2007 से विवाद चल रहा है। उस समय राजीव टाटा ने बैरागी और उसके पुत्रों को छात्राओं से शोषण में जेल भिजवाया था। इसके बाद अभी पार्षदी चुनाव में इनका फिर विवाद हुआ और उसके विवाद के बाद बैरागी का यही के रहने वाले राजीव के वकील आशुतोष श्रोत्रिय से विवाद हो गया। दोनों के बीच मुकदमें बाजी भी हुई बाद में समझौता भी हो गया। तब से दोनों पक्षों की रंजिश एक बार फिर बढ़ गई थी।












Click it and Unblock the Notifications