Kundarki Assembly Bypoll Result: 30 साल बाद कुंदरकी में भाजपा की जीत, 11 मुस्लिम पर भारी पड़ी BJP
Kundarki Assembly Bypoll Result: उत्तर प्रदेश के उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने जबरदस्त प्रदर्शन किया है। 9 विधानसभा सीटों में से भाजपा ने 7 सीटों पर जीत दर्ज की है जबकि सपा के खाते में 2 सीटें गई हैं। इन 7 सीटों में से कुंदरकी विधानसभा सीट पर भाजपा की जीत काफी खास है।
दरअसल यहां 11 मुस्लिम उम्मीदवार मैदान में थे, लेकिन इसके बाद भी भाजपा के रामवीर ठाकुर ने यहां जीत दर्ज की है। अहम बात है यह है कि मुस्लिम बाहुल्य इलाका होने के बावजूद रामवीर ठाकुर की जीत का अंतर 1.4 लाख वोट का है। इस जीत के साथ ही भाजपा यहां 30 साल के बाद फिर से वापसी करने में सफल हुई है।

कुंदरकी को सपा का गढ़ माना जाता है। यहां से सपा के उम्मीदवार को रामवीर ठाकुर ने एकतरफा मुकाबले में मात दी है। सपा ने यहां से मोहम्मद रिजवान को तो आजाद समाज पार्टी ने चांद बाबू को टिकट दिया था। जबकि एआईएमआईएम ने मोहम्मद वारिस, बसपा ने रफतुल्लाह को टिकट दिया था।
कुंदरकी विधानसभा सीट यूपी के संभल लोकसभा सीट के अंतर्गत आती है, जहां मुस्लिम आबादी तकरीबन 60 फीसदी है। कुंदरकी से 11 मुस्लिम उम्मीदवार मैदान में थे, लेकिन भाजपा ने यहां हिंदू उम्मीदवार को मैदान में उतारा था। सपा के मोहम्मद रिजवान का राजनीतिक अनुभव 40 वर्ष का है, वह इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार थे, लेकिन भाजपा के रामवीर ठाकुर के सामने वो टिक नहीं सके।
रिजवान ने कुंदरकी सीट से 2002 में पहली बार जीत दर्ज की थी, लेकिन 2007 में वह बसपा के अकबर हुसैन से हार गए थे। उन्होंने 2012 और 2017 में यहां फिर से वापसी की थी। जिस तरह से कुंदरकी के किले को भाजपा ने भेदा है, उसे सपा के गढ़ में बड़ी सेंधमारी के तौर पर देखा जा रहा है। निसंदेह यह अखिलेश यादव के लिए बड़ा झटका है।
सपा के मोहम्मद रिजवान ने बुधवार को कुंदरकी सीट पर फिर से मतदान की मांग की थी। उन्होंने दावा किया था कि यहां पर फर्जी वोटिंग हुई है और पूरा तंत्र अल्पसंख्यकों को यहां वोट देने से रोक रहा है। खुद अखिलेश यादव ने यहां का वीडियो शेयर करते हुए आरोप लगाया था कि लोगों का आईडी कार्ड पुलिसवाले चेक कर रहे हैं। उन्होंने चुनाव आयोग से इसके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की थी।












Click it and Unblock the Notifications