khatauli by Election: RLD चीफ़ जयंत चौधरी ने खतौली में डाला डेरा, BJP से है कड़ी टक्कर
khatauli by Election: उत्तर प्रदेश में इस समय उपचुनाव का माहौल चल रहा है। रामपुर सदर, मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव और खतौली विधानसभा में उपचुनाव हो रहा है। सपा का जहां पूरा फोकस मैनपुरी लोकसभा उपचुनाव पर है वहीं आजम खान का पूरा फोकस रामपुर सदर सीट पर है। इनके अलावा खतौली विधानसभा सीट पर रालोद ने अपनी पूरी ताकत झोंक रखी है। रालोद के मुखिया जयंत चौधरी इस समय खतौली में डेरा डाले हुए हैं। जयंत को लग रहा है कि इस बार उपचुनाव में यह सीट आरएलडी जीत सकती है। हालांकि इस सीट पर बीजेपी भी पूरा दम लगा रही है।

बीजेपी सरकार की नीतियों पर आरएलडी का फोकस
रालोद के पदाधिकारियों की माने तो 5 दिसंबर को होने वाले खतौली उपचुनाव से पहले रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी ने सोमवार को निर्वाचन क्षेत्र के तीन गांवों में प्रचार किया और घर-घर जाकर मतदाता पर्ची बांटी। रालोद के प्रदेश अध्यक्ष रामशीष राय ने कहा कि खतौली में रालोद जीत हासिल करेगा। बीजेपी सरकार ने पिछले छह साल में कोई काम नहीं किया है। राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ आम जनता में काफी आक्रोश है जिसका असर चुनाव में देखने को मिलेगा।

खतौली में घर-घर घूम रहे जयंत चौधरी
चौधरी सबसे पहले अपनी पार्टी और समाजवादी पार्टी के नेताओं के साथ फहीमपुर पहुंचे और लोगों से भाजपा की विभाजनकारी राजनीति के खिलाफ वोट करने की अपील की। उन्होंने आरएलडी-एसपी और एएसपी उम्मीदवार मदन भैया के लिए वोट मांगने के लिए खोकनी और बिहारीपुर का भी दौरा किया। स्थानीय लोगों ने कथित तौर पर चौधरी का स्वागत किया और उन्हें उनके समर्थन का आश्वासन दिया।

स्थानीय मुद्दों पर लड़ा जा रहा चुनाव
रालोद के पश्चिमी यूपी अध्यक्ष योगेंद्र सिंह ने कहा कि पार्टी प्रमुख निर्वाचन क्षेत्र में डेरा डाले हुए हैं और आने वाले दिनों में होने वाली कई बैठकों में बोलेंगे। इस बीच, अहमदगढ़ और खीरी चौगावां गांवों के निवासियों ने कथित तौर पर चुनाव का बहिष्कार करने का फैसला किया है। उन्होंने दावा किया कि क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत की उनकी मांग पर किसी भी जनप्रतिनिधि ने ध्यान नहीं दिया।

बीजेपी-आरएलडी के बीच कड़ा मुकाबला
योगेंद्र सिंह ने कहा कि पार्टी नेता मंगलवार को दोनों गांवों के लोगों से मुलाकात कर मामले की जानकारी लेंगे। मुजफ्फरनगर दंगों से जुड़े एक मामले में 11 अक्टूबर को भाजपा विधायक विक्रम सैनी को दोषी ठहराए जाने के बाद खतौली निर्वाचन क्षेत्र के लिए उपचुनाव की घोषणा की गई थी। सैनी की अयोग्यता के बाद सीट खाली घोषित की गई थी। बीजेपी ने उनकी जगह उनकी पत्नी राजकुमारी सैनी को मैदान में उतारा है।

खतौली में भीम आर्मी कर रही रालोद का समर्थन
उत्तर प्रदेश की लोकसभा और विधानसभा सीटों पर उपचुनावों की तारीखों का ऐलान हो चुका है। इस बीच आजाद समाज पार्टी प्रमुख और भीम आर्मी संस्थापक चंद्रशेखर ने खतौली विधानसभा उपचुनाव में राष्ट्रीय लोक दल गठबंधन प्रत्याशी मदन भैया को समर्थन देने का ऐलान किया है। मुजफ्फरनगर की खतौली विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए भाजपा ने निवर्तमान विधायक विक्रम सैनी की पत्नी राजकुमारी को उम्मीदवार बनाया है। विक्रम सैनी की सदस्यता चले जाने के बाद एक बार फिर राजकुमारी सक्रिय राजनीति में लौटी हैं।












Click it and Unblock the Notifications