यूपी विधानसभा चुनाव 2017: वाराणसी में पीएम मोदी के रोड शो की 8 खास बातें
कांग्रेस के स्थानीय नेता के घर के पास से मोदी का काफिला निकला तो बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पप्पू-पप्पू के नारे लगाने शुरू कर दिए। इसके जवाब में कांग्रेस समर्थकों ने फेंकू-फेंकू के नारे लगाने शुरू कर दिए।
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में रोड शो करके न सिर्फ जनता के दिल में जगह बनाई बल्कि अपनी पार्टी के रूठे हुए नेताओं को भी मनाया। मोदी के रोड शो के दौरान वाराणसी का माहौल पूरी तरह भाजपामय रहा। जिधर भी मोदी का काफिला पहुंचा लोगों ने उन्हें हाथोंहाथ लिया। ये हैं मोदी के रोड शो की खास झलकियां-

1. BHU गेट पर महामना की मूर्ति पर माल्यार्पण से शुरू हुआ काफिला

2. कांग्रेस का बैनर देखकर गुस्साए बीजेपी कार्यकर्ता
रोडशो के दौरान एक जगह कांग्रेस का बैनर देखकर बीजेपी कार्यकर्ता उसे हटाने की कोशिश करने लगे। इस पर पुलिस ने उन्हें रोका। बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का बैनर हटाने के लिए पुलिस पर दबाव डाला। वहीं, पुलिस ने एक जगह मोदी के समर्थन में लगा बैनर हटाया तो बीजेपी समर्थक पुलिस से उलझ गए।

3. विदेशियों ने भी पहनी बीजेपी की टोपी
मोदी के रोडशो के दौरान विदेशियों ने भी बीजेपी की टोपी पहनी और काफिले का हिस्सा बने। बनारस में विदेशियों के आने-जाने का सिलसिला हमेशा चलता रहता है और वे बनारस के हर रंग में खुद को रंग लेते हैं।

4. पप्पू और फेंकू के नारे लगे
कांग्रेस के स्थानीय नेता के घर के पास से मोदी का काफिला निकला तो बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पप्पू-पप्पू के नारे लगाने शुरू कर दिए। इसके जवाब में कांग्रेस समर्थकों ने फेंकू-फेंकू के नारे लगाने शुरू कर दिए।

5. मोदी ने रूठे हुए दिग्गज भाजपाई नेता श्यामदेव राय चौधरी को मनाया
यूपी चुनाव में वाराणसी की शहर दक्षिणी सीट से सात बार विधायक रहे श्यामदेव राय चौधरी का टिकट काट कर इस बार बीजेपी ने किसी और को टिकट दिया तो वह नाराज हो गए। उनकी नाराजगी साफ जाहिर थी लेकिन शनिवार को रोडशो के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने विश्वनाथ मंदिर जाते वक्त श्यामदेव राय चौधरी का हाथ पकड़ा और अपने साथ मंदिर ले गए।

6. विश्वनाथ मंदिर के दर्शन
पीएम मोदी हर बार की तरह इस बार भी काशी आने पर बाबा विश्वनाथ के दर्शन करना नहीं भूले। उन्होंने रोड शो के आखिरी चरण में बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए और पूजा की।

7. काल भैरव के दर्शन : वाराणसी के रक्षक कहे जाते हैं कालभैरव
बाबा विश्वनाथ के दर्शन के बाद मोदी काल भैरव के मंदिर भी गए। मोदी ने वहां दर्शन और पूजा-अर्चना की। काल भैरव को वाराणसी का कोतवाल (रक्षक) कहा जाता है। लोग किसी भी भय से मुक्ति पाने के लिए वहां जाते हैं।

8. मुस्लिम बहुल इलाके सोनारपुरा में भी हुआ मोदी जबरदस्त स्वागत
रोडशो के दौरान मोदी का काफिला वाराणसी के सोनारपुरा इलाके से गुजरा। यह मुस्लिम बहुल इलाका है। यहां भी मोदी का लोगों ने दिल खोलकर स्वागत किया और घरों की छतों से फूलों की बारिश की।












Click it and Unblock the Notifications