नोएडा में BBA की पढ़ाई कर रहा कश्मीरी युवक लापता, 14 दिन बाद पुलिस ने जताई ये आशंका
uttar pradesh News, नोएडा। उत्तर प्रदेश में नोएडा के एशियन बिजनेस कॉलेज से बीबीए की पढ़ाई कर रहा एक कश्मीरी युवक लापता हो गया है। बीते करीब 14 दिनों से वह कॉलेज में नहीं दिखा। पुलिस को भी उसका अता-पता नहीं है। उसके परिजनों ने नोएडा पहुंचकर उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।

एसएसपी डा. अजयपाल शर्मा का कहना है कि परिजनों की शिकायत पर उक्त छात्र की तलाश की जा रही है। उस छात्र का नाम बासिद हसन है। वह कश्मीर के बांदीपोरा का रहने वाला है। नोएडा में वह सेक्टर 126 के पीजी में रहता था। बताया जा रहा है कि वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुआ।
बासिद के दोस्तों के मुताबिक, 12 दिसंबर तक वह पास के ही एक पीजी में रह रहा था। इसके बाद से उसका कुछ पता नहीं चल रहा है। बासिद से जब परिवार के लोगों का संपर्क नहीं हुआ, तो वह नोएडा पहुंचे और उसके बारे में जानकारी की। फिर उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।
उसका पता लगाने के लिए उसके मोबाइल फोन की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। हांलाकि, प्रारंभिक पूछताछ के बाद पुलिस का दावा है कि छात्र अपनी मर्जी से ही कहीं गया है। बता दें कि इससे पहले नोएडा से ही एहतेशाम बिलाल नाम का स्टूडेंट गायब हो गया था। बाद में उसका एक फोटो आतंकी संगठन के बैनर के साथ वायरल हुआ था। मगर, जब उसे खोजा जाने लगा तो कुछ दिन बाद वह वापस अपने घर लौट गया था।












Click it and Unblock the Notifications