काशी से रामेश्वरम के संबंध को समझना है तो आइए 'काशी तमिल संगमम 4.0' में
Kashi Tamil Sangamam 4.0: भारत की सांस्कृतिक आत्मा को यदि कहीं एक सूत्र में पिरोया गया है, तो वह काशी और रामेश्वरम के अमूर्त, अद्वितीय और प्राचीन संबंध में दिखाई देती है। उत्तर की आध्यात्मिक राजधानी काशी और दक्षिण की सनातन परंपरा का ध्रुवतारा रामेश्वरम-दोनों मिलकर उस सांस्कृतिक एकता का प्रतीक हैं, जिसने सहस्राब्दियों से भारत को जोड़े रखा है।
काशी तमिल संगमम 4.0 इसी सनातन एकता, साझा विरासत और भारतीयता के अद्वितीय भाव का उत्सव है। यह संगमम न केवल दो पवित्र ध्रुवों-काशी और तमिल परंपरा-को सांस्कृतिक सेतु से जोड़ता है, बल्कि यह दर्शाता है कि भारत की विविधता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है। यहाँ एक ओर काशी की गंगा-जमुनी विरासत है, तो दूसरी ओर तमिलनाडु की दैवीय द्रविड़ परंपरा; एक ओर शैव साधना की अनंत धारा, तो दूसरी ओर ज्ञान, साहित्य और संगीत की समृद्ध परंपरा।

आज जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में एक भारत, श्रेष्ठ भारत का संकल्प नए आयाम प्राप्त कर रहा है, तब काशी तमिल संगमम 4 भारत की उसी मूल भावना-सांस्कृतिक एकता-को मजबूत करता है। यह अवसर है, भारत की साझा जड़ों को फिर से पहचानने का; उस सांस्कृतिक धरोहर को पुनर्जीवित करने का जिसने उत्तर और दक्षिण को हमेशा से साथ रखा।
काशी तमिल संगमम 4.0 इस वर्ष 2 दिसंबर से वाराणसी में प्रारंभ होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और परिकल्पना से शुरू हुआ यह अनूठा संगम अब देश की भाषाई-सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बन चुका है। इस बार संगमम की थीम- "चलो तमिल सीखें - करपोम तमिल" -न केवल तमिल भाषा के महत्व को रेखांकित करती है, बल्कि भारतीय भाषाओं की परस्पर आत्मीयता को भी उजागर करती है।
दो सप्ताह तक चलने वाला यह आयोजन तमिलनाडु और काशी के बीच आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और बौद्धिक संबंधों को और मजबूत करेगा। भारत की विविधता में एकता को जीने और समझने के लिए यह एक सशक्त मंच बन चुका है। इस आयोजन में तमिलनाडु से 1,400 से अधिक प्रतिनिधि-सात विभिन्न श्रेणियों में छात्र, शिक्षक, लेखक एवं मीडिया प्रतिनिधि, कृषि एवं संबद्ध क्षेत्र, पेशेवर एवं शिल्पकार, महिलाएँ तथा आध्यात्मिक विद्वान-काशी की यात्रा पर आएंगे, जहां वे दोनों प्रदेशों के बीच गहरे सांस्कृतिक संबंधों को साझा करेंगे और उनका उत्सव मनाएँगे।
इस बार के संगमम में कुछ खास आकर्षण भी हैं। 15 दिसम्बर को रामेश्वरम में होने वाला समापन समारोह इसका एक बड़ा हिस्सा होगा। इसके अलावा, दो नई पहलों की शुरुआत भी की जाएगी। पहली पहल है तमिल करपोम, जिसके तहत उत्तर भारत के छात्रों को तमिलनाडु में तमिल सीखने का मौका मिलेगा। दूसरी पहल अगस्त्य एक्सपीडिशन है, जो तेंकासी से काशी तक की यात्रा होगी और तमिलनाडु के देश के प्रति योगदान को उजागर करेगी।
इस संस्करण की विशेषता यह है कि 15 दिसंबर को इसका समापन रामेश्वरम में होगा-जहाँ काशी और तमिल परंपरा का आध्यात्मिक मिलन एक नई अनुभूति देगा। इसके साथ दो नई पहलों की घोषणा भी होने जा रही है- "तमिल करपोम" पहल, जिसके तहत उत्तर भारत के छात्रों को तमिलनाडु में तमिल भाषा सीखने का अवसर मिलेगा।
"अगस्त्य एक्सपीडिशन", जो तेनुकाशी से काशी तक की यात्रा के माध्यम से ऋषि अगस्त्य की परंपरा और तमिलनाडु के योगदान को राष्ट्रीय मंच पर रेखांकित करेगी। 2022 में पहला काशी तमिल संगमम आयोजित हुआ। लगभग 2,500 लोग तमिलनाडु से काशी, प्रयागराज और अयोध्या की यात्रा पर आए।
यह कार्यक्रम BHU में आयोजित हुआ और इसे ऐतिहासिक सफलता मिली। 2023 में दूसरा संगमम नमो घाट पर हुआ, जिसका उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। पहली बार PM के भाषण का तमिल में रीयल-टाइम, ऐप-आधारित अनुवाद प्रस्तुत किया गया-जो तकनीक और संस्कृति के संगम का उदाहरण बना। 2025 में तीसरा संगमम, ऋषि अगस्त्य की विरासत को केंद्र में रखकर आयोजित हुआ। इसमें लगभग 1,000 तमिल प्रतिनिधियों और 200 विश्वविद्यालयी छात्रों ने भाग लिया।
भारत की भाषाएं केवल संप्रेषण का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी सभ्यता की आत्मा हैं। काशी तमिल संगमम 4.0 उसी आत्मा को जीवंत करने का प्रयास है। यह संगम हमें बताता है कि भारत की शक्ति उसकी विविधता में है और भाषाओं के प्रति सम्मान, सीखने की इच्छा और परस्पर निकटता ही हमें एक "सांस्कृतिक महाशक्ति" बनाती है।
काशी तमिल संगमम 4.0 न केवल दो भाषाओं और दो प्रदेशों को जोड़ने वाला कार्यक्रम है, बल्कि यह भारत की "एक भारत श्रेष्ठ भारत" की अवधारणा का सशक्त उदाहरण है। यह आयोजन भारतीय भाषाओं, विचारों और परंपराओं के संगम का प्रतीक बनकर भारत की विविधता में एकता की भावना को एक नई ऊँचाई प्रदान करेगा।












Click it and Unblock the Notifications