कासगंज हिंसा: चंदन के हत्यारोपी का समाजवादी पार्टी कनेक्शन
कासगंज। 26 जनवरी को उत्तर प्रदेश के कासगंज में हुई हिंसा में मारे गए चंदन गुप्ता के हत्यारोपियों का समाजवादी पार्टी के नेताओं के साथ नजदीकियां होने का न्यूज चैनल 'टाइम्स नाऊ' ने दावा किया है। चैनल की रिपोर्ट के मुताबिक हिंसा में मारे गए चंदन की हत्या में तीन भाई आरोपी हैं। इनमें से एक वसीम समाजवादी पार्टी के नेताओं का करीबी है। हालांकि उसके पार्टी में किसी पद पर होने की बात सामने नहीं आई है। चैनल का दावा है कि वसीम का सामाजवादी पार्टी के नेताओं के साथ उठना-बैठना है।

गृह मंत्रालय ने प्रदेश सरकार से मांगी रिपोर्ट
चंदन गुप्ता की हत्या के मामले में तीन सगे भाइयों नसीम, वसीम और सलीम वर्की के शामिल होने की बात सामने आ रही है। ये तीनों भाई फिलहाल फरार हैं। वसीम के पार्टी से लिंक होने की बात पर समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजीव राय ने कहा है कि कोई भी हो उसके खिलाफ सरकार को कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। सरकार को विपक्षी पार्टियों को बदनाम करने की बजाय आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। इस बीच केंद्रीय गृह मंत्रालय ने योगी सरकार से कासगंज हिंसा पर विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।

अभी भी सुलग रहा है कासगंज
उत्तर प्रदेश का कासगंज इलाका हिंसा की आग में लगातार सुलग रहा है। गणतंत्र दिवस पर तिरंगा यात्रा के दौरान चंदन गुप्ता नाम के युवक की मौत के बाद भड़की हिंसा के बाद इलाके से रुक-रुककर हिंसा की खबरें आ रही हैं। सोमवार को दिनभर शांत माहौल रहने के बाद रात को कुछ उपद्रवियों ने इलाके के मालगोदाम रोड पर कपड़े की एक दुकान में आग लगा दी। आगजनी की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुलिस और सुरक्षा बलों की टुकड़ियां तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस लगातार इलाके में गश्त कर रही हैं। इस बीच कासगंज में रोकी गई इंटरनेट सेवाओं को बहाल कर दिया गया है।

26 जनवरी को हुई थी कासगंज में हिंसा
कासंगज में 26 जनवरी की सुबह हुई जब तिरंगा यात्रा के दौरान दो पक्ष आमने सामने आ गए थे। जिसके बाद पत्थरबाजी, आगजनी और फायरिंग हुई। इसमें एक युवक की मौत हो गई जबकि कई लोग घायल हैं। हिंसा के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। हिंसक झड़प कासगंज के थाना कोतवाली क्षेत्र के बलराम गेट के पास हुई थी। इसके बाद भी जिले में कई दफा आगजनी की घटनाएं चुकी हैं। पुलिस ने हालात काबू में बताए हैं।












Click it and Unblock the Notifications