बाप-बेटे रेलवे की नौकरी का ज्वाइनिंग लेटर देकर बकायदा करवाते थे ट्रेनिंग, पकड़ गए
कन्नौज। कन्नौज में एक ऐसे रैकेट का पुलिस ने पर्दाफाश किया है जिन्होंने रेलवे में नौकरी लगवाने के नाम पर करोड़ों रूपये की ठगी की वारदात को अंजाम दिया है। ठगी के इस जाल में पूरा गिरोह शामिल है जो बेरोजगार युवकों को नौकरी का लालच देकर उन्हें अपने जाल में फंसाकर लाखों रूपये की ठगी करते थे। पुलिस ने ऐसे ही इस गिरोह के एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है जिसने खुद एक करोड़ तीस लाख की ठगी करने की बात कबूली है। पुलिस ने बताया कि जिन लोगों का रूपया गया है, पकड़े गए लोगों की सम्पत्ति कुर्क करके उनका रूपया लौटाया जाएगा।

रेलवे अधिकारी बन कर रहे थे ठगी
कन्नौज पुलिस ने रेलवे अधिकारी बन ठगी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। गिरोह बेरोजगार युवकों को अपना निशाना बनाता था, और नौकरी दिलाने के नाम पर उनसे लाखों की ठगी कर लेता था। इतना ही नहीं गिरोह का सरगना बाकायदा शिकार को ज्वाइनिंग लेटर भी दे देता था। कन्नौज में कई लोगों से गिरोह ने एक करोड़ रूपये से ज्यादा की ठगी की थी। गिरोह का सरगना पुलिस के हत्थे चढ़ा है। उसके तीन साथी पुलिस को चकमा देकर भागने में कामयाब रहे।

नामी वकील और उसका पुत्र मास्टरमाइंड
कन्नौज पुलिस की सर्विलांस टीम के हत्थे चढ़ा यह शातिर यहां के सदर कोतवाली क्षेत्र के आनन्दीदास मोहल्ले का शरद है। शातिर दिमाग शरद रूपये कमाने के शॉर्टकट तरीके के चक्कर में रेलवे का फर्जी अधिकारी बन गया। इसने कुछ लोगों को मिलाकर ठगों का पूरा गिरोह बना लिया। सब मिलकर बेरोजगार और रूपये से मजबूत युवकों को अपना शिकार बनाते थे। पहले यह शिकार फांसते फिर उससे रेलवे में नौकरी लगवाने की बात कहकर रूपये ऐंठते थे। इनके जाल में कन्नौज के कई युवक फंसे। इस फर्जी रेलवे अफसर और गिरोह ने एक युवक से नौकरी के नाम पर 6 लाख रूपये ऐंठने की बात कबूली है।

रेलवे मुख्यालय पर ले जाकर करवाते थे ट्रेनिंग
इतना ही नहीं गोरखपुर रेलवे मुख्यालय पर ले जाकर यह ठग युवकों की ट्रेनिंग करवाते और उन्हें ज्वाइनिंग लेटर भी दे देते थे। कन्नौज के अजय प्रताप और कानपुर देहात के अवधेश ने गिरोह के चार लोगों के खिलाफ 1 करोड़ तीस लाख रूपये ठगने का मुकदमा दर्ज करवाया था। कन्नौज एसपी ने इनकी धरपकड़ के लिए अपनी सर्विलांस टीम को लगाया। सर्विलांस टीम ने मुखबिर की सूचना पर सरगना को पकड़ लिया। पुलिस गिरोह के बाकी सदस्यों को भी जल्द गिरफ्त में लेने की बात कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications