Independence Day: पूर्वोत्तर रेलवे के इन स्टेशनों पर आयोजित हुआ खास कार्यक्रम,स्वच्छता को ऐसे मिला बढ़ावा
NER Gorakhpur Latest News Indian Railway: रेलवे प्रशासन द्वारा देश की आजादी का जश्न स्वच्छता के संकल्प के साथ मनाया जा रहा है। भारतीय रेल पर मनाये जा रहे स्वच्छता पखवाड़े के प्रथम चरण के तेरहवें दिन पूर्वोत्तर रेलवे के लखनऊ, वाराणसी एवं इज्जतनगर मंडलों पर स्टेशनों, आवासीय कालोनियों, डिपो एवं कारखानों में स्वच्छता सम्बन्धी अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
इसी क्रम में, लखनऊ मंडल पर 13 अगस्त को गोरखपुर, बस्ती, खलीलाबाद, गोंडा, बादशाहनगर, लखनऊ जं0 स्टेशनों तथा ऐशबाग एवं बन्दरियाबाग रेलवे कालोनी में स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसके अंतर्गत स्वास्थ्य निरीक्षकों ने स्टेशन पर कार्यरत रेल कर्मचारियों के साथ मिलकर स्वच्छता सम्बन्धी स्लोगन, पोस्टर एवं बैनर के साथ एक जन जागरूकता रैली निकाली गई तथा स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। लखनऊ जं0 एवं गोरखपुर जं0 स्टेशन पर रेलकर्मियों द्वारा प्रभात फेरी निकाली गई तथा श्रमदान किया गया।

गोण्डा स्टेशन पर यात्रियों, वेण्डरों, कुलियों एवं रेलकर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई तथा जन-जन में ''स्वच्छ रेल-स्वच्छ भारत और आओ एक कदम और बढ़ायें'' के स्वच्छ संदेश के उद्घोषणा के साथ लोगों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया गया। खलीलाबाद स्टेशन पर यात्रियों को कूड़े-कचरे के अलगाव और डस्टबिन के उपयोग के बारे में जानकारी दी गई। बस्ती स्टेशन पर सफाई के लिये चलाई जाने वाली मशीनों से प्राइम क्लीनिंग कराई गई और स्वच्छता कर्मियों को मशीनों के रख-रखाव के बारे में जानकारी दी गई। ऐशबाग जं0 पर सफाई कर्मचारियों द्वारा रेलयात्रियों से आग्रह किया गया कि यात्रा के दौरान गुटका, पान-मसाला खाकर यत्र-तत्र न थूकें।
वाराणसी मंडल के आजमगढ़, बलिया, बनारस, वाराणसी सिटी, गाजीपुर सिटी, भटनी, छपरा, सीवान, देवरिया सदर, मऊ और प्रयागराज रामबाग स्टेशनों पर स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसके अन्तर्गत रेलकर्मियों एवं स्वास्थ्य निरीक्षकों द्वारा स्वच्छता सम्बन्धी स्लोगन, पोस्टर एवं बैनर के माध्यम से स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली गई एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। बनारस स्टेशन पर सफाई मित्रों के लिये स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया साथ ही सभी प्रमुख स्टेशनों पर स्वच्छ प्रसाधन एवं स्वच्छ संवाद कार्यक्रम आयोजित किये गये।
इज्जतनगर मंडल के सभी महत्वपूर्ण स्टेशनों पर गीले एवं सूखे कचरे हेतु अलग-अलग डस्टबिन लगाये गये तथा स्वच्छता कर्मियों के स्वास्थ्य की जांच हेतु स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। हल्द्वानी स्टेशन पर रेलकर्मियों को स्वच्छता शपथ दिलायी गई तथा बरेली सिटी, कासगंज, काशाीपुर एवं लालकुंआ स्टेशन पर स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।
स्वच्छता अभियान के प्रथम चरण में इस तरह के स्वच्छता कार्यक्रम पूर्वोत्तर रेलवे पर 15 अगस्त, 2025 तक प्रतिदिन चलाये जायेंगे।












Click it and Unblock the Notifications