बीवी का मुंडन करके पति बोला, जब चोटी नहीं रहेगी तो कटेगा क्या?
बडोखर गांव का रहने वाला 7 सदस्यों का बिहारी लाल का परिवार पिछले एक पखवारे से दहशत में था कि कहीं उनके घर चोटीकटवा का हमला न हो।
इलाहाबाद। इलाहाबाद के बडोखर गांव में चोटीकटवा की दहशत में पति ने अपनी पत्नी का सिर मुंडवा दिया। ग्रामीणों की भीड़ जुटी, पुलिस को सूचना हुई और मीडियाकर्मी गांव पहुंचे तो पति ने तर्क दिया, जब चोटी ही नहीं होगी तो कटेगा क्या। फिलहाल यह वाकया अब जिलेभर में चर्चा का विषय बना हुआ है। इस परिवार में व्याप्त दहशत अब इसी बहाने काफूर हो गई है लेकिन समस्या यह है कि कहीं लोग इस उपाय को न अपनाने लगें।

रात में पत्नी की करता था पहरेदारी
दरअसल इस मुंडन के पीछे दहशत की कहानी है। बडोखर गांव का रहने वाला 7 सदस्यों का बिहारी लाल का परिवार पिछले एक पखवारे से दहशत में था कि कहीं उनके घर चोटीकटवा का हमला न हो। चोटीकटवा से घर के 5 बच्चों को तो नुकसान भले ही नहीं था क्योंकि उनको चोटी तो थी नहीं लेकिन पत्नी सुम्मारी देवी (45) की चोटी कटने की आशंका के डर से पूरा घर सहमा हुआ था। पत्नी की रक्षा के लिये बिहारी लाल रातभर घर के दरवाजे पर पहरेदारी करता और सुबह होने पर सोता था। अब रोज-रोज की दहशत और समस्या को हल करने पर लिये उसने एक युक्ति निकाली और अपनी पत्नी का मुंडन कर दिया।
हर तरफ है इस मुंडन की चर्चा
इस घटना से यह तो साफ है कि ग्रामीणों में दहशत अंदरतक है लेकिन अब बिहारी ने जो किया उसकी चर्चा पूरे जिले में है। बिहारी का कहना है कि अगर चोटी कटती तो पत्नी बेहोश हो जाती, फिर इलाज में ढेरों रुपये लगते। मैं गरीब आदमी इलाज के लिये पैसा कहां से लाऊंगा। ऐसे जब तक हो सका रातभर पहरेदारी की, लेकिन जब सो नहीं पाउंगा तो दिन में काम कैसे करूंगा। बस इसीलिए मैंने यह रास्ता निकाला। अब बाल ही नहीं तो चोटी कटेगी ही नहीं।












Click it and Unblock the Notifications