अमेठी में सौतेली मां ने 4 साल के मासूम बच्चे की दी बलि, तांत्रिक समेत 4 गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के अमेठी में नरबलि का मामला सामने आया है। यहां 4 साल के मासूम बच्चे का शव तालाब में मिलने से हड़कंप मच गया है। बच्चे के शरीर पर कई चोट के निशान हैं। उसके शरीर पर यह निशान तांत्रिक द्वारा किए गए तंत्र-मंत्र के दौरान आए हैं।
पुलिस ने कहा कि यह संदिग्ध नरबलि का मामला है, इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिसमे बच्चे की सौतेली मां भी शामिल हैं। पुलिस ने संदिग्ध तांत्रिक को इस मामले में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि बच्चे की सौतेली मां को बताया गया था कि एक बच्चे की बलि देनी होगी ताकि वह दूसरे बच्चे को जन्म दे सके.

तालाब में जिस बच्चे का शव पाया गया है उसका नाम सत्येंद्र है। अमेठी के जामो थाना क्षेत्र में स्थित रेहसी गांव में सोमवार को बच्चे का शव तालाब में पाया गया है। बच्चे का कान, आंख, गाल चेहरा और दाए हाथ की कुहनी पर चोट के निशान हैं। यह चोट के निशान तंत्र-मंत्र के दौरान पड़े हैं।
अमेठी के एसपी एलामरान जी ने कहा कि बच्चा रविवार को खेलने के लिए बाहर गया था, लेकिन वापस घर नहीं लौटा। उशके पिता जितेंद्र प्रजापति ने बच्चे के लापता होने की सोमवार रात 3 बजे शिकायत दर्ज कराई।
एसपी ने बताया कि स्थानीय निवासी धन बहादुर ने बच्चे के पिता को बताया कि उनके बेटे का शव तालाब में है। जिसके बाद जितेंद्र ने अपनी पत्नी रेनू प्रजापति, उसके पिता मंगरू प्रजापति, मां प्रेमा देवी और तांत्रिक दयाराम यादव के खिलाफ केस दर्ज कराया।
आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 302 के तहत केस दर्ज कराया गया है। पुलिस के अनुसार रेनू, जितेंद्र की शादी डेढ़ वर्ष पहले हुई थी। जितेंद्र की पहली पत्नी ने उसे छोड़ दिया था।
पूछताछ के दौरान रेनू के माता-पिता ने बताया कि उनकी बेटी शादी के बाद अक्सर बीमार रहती है, उसका बच्चा भी गिर गया था, जिसके बाद उन्होंने तांत्रिक दयाराम को संपर्क किया, जिसने उन्हें बताया कि उन्हें पहली पत्नी के बेटे की बलि देनी होगी।
जामो पुलिस स्टेशन के इंचार्ज विवेक कुमार ने बताया कि मंगरू और प्रेमा देवी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने इन लोगों के पास से तौलिया भी बरामद किया है, जिससे उन्होंने बच्चे का गला घोटा था। इसके साथ ही इनके पास से कुछ नींबू, आदि भी मिला है जो तंत्र-मंत्र के दौरान इस्तेमाल किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications