मथुरा: खूनी नहर ने ली 10 की जान, जानिए क्यों होती हैं यहां मौतें?
मथुरा का एक नहर खूनी बन चुका है और प्रशासन लापरवाह है। इस नहर पर बनी संकरी पुलिया की वजह से यहां आए दिन हादसे होते हैं और जानें जाती हैं।
मथुरा/बरेली। मथुरा के थाना मगोर्रा इलाके में उस वक्त अफरातफरी मच गयी जब अचानक एक अनियंत्रित इनोवा कार एक नहर में गिरी और उसमें सवार 10 लोगों की मौत हो गयी। इस हादसे की वजह एक संकरी पुलिया को बताया जा रहा है जहां से इनोवा कार नहर में गिरकर डूबी और अंदर फंसे सभी लोग मारे गए।

बरेली से बाला जी दर्शन करने जा रहा था परिवार
मथुरा में एक दर्दनाक हादसे ने 10 श्रधालुओं की जान ले ली। ये हादसा उस वक्त हुआ जब बरेली से महेश का परिवार राजस्थान के बाला जी मंदिर के दर्शन करने जा रहा था। हादसे में सभी इनोवा सवार लोगों की मौत हो गयी।

इनकी हुई दर्दनाक मौत
महेश शर्मा, दीपिका शर्मा - यह दोनों पति-पत्नी थे। पूनम शर्मा, हार्दिक, रितिक, रोहन, खुशबू , हिमांशु , सुरभि यह सभी राजीव कॉलोनी सुभाष नगर बरेली के रहने वाले थे। बरेली से बालाजी जा रहे थे कि तभी अचानक गांव मगोर्रा के पास फतेहपुर नहर के पुल पर अनियंत्रित होकर इनोवा गाड़ी नहर में जा गिरी। इसमें 5 महिला और 5 पुरुष सवार थे। ये सभी बरेली से मेहँदीपुर बाला जी का दर्शन करने जा रहे थे। घटना की सूचना लगते ही स्थानीय ग्रामीण और पुलिस बल सहित सिचाईं विभाग के लोग मौके पर पहुंच गए और नहर में गिरी कार को बाहर निकाला। इस दौरान प्रशासन की लापरवाही देखने को मिली। घटना के घंटो बाद भी न तो कोई प्रशासनिक अधिकरी मौके पर पहुंचा और न ही एम्बुलेंस।

एम्बुलेंस की नहीं कोई व्यवस्था
थाना मगोर्रा इलाके में हुए हादसे में 10 लोगों की मौत के बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना की सूचना स्थानीय पुलिस के साथ-साथ प्रशासनिक अधिकारियों को भी दी गयी। घटना के कुछ देर बाद पुलिस तो मौके पर पहुँच गयी लेकिन न तो प्रशानिक अधिकारी मौके पर आए और न ही वहां एम्बुलेन्स की कोई व्यवस्था की गयी। स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों की मदद से इनोवा सवार लोगो को निकाला गया।
रेस्क्यू टीम समय पर आती तो बच सकती थी जान
प्रशासन सही समय पर कोई रेस्क्यू टीम मौके पर भेज देता तो शायद कुछ लोगों की जान बचाई जा सकती थी। स्थानीय लोगों में इस बात का भी आक्रोश था कि जब प्रशासन को घटना की सूचना दे दी गयी थी उसके बाबजूद 4 -5 घंटे बाद यहाँ अधिकारी पहुंचे। साथ ही लंबे समय से प्रशासन से इस पुलिया को चौड़ी करने की मांग की जा रही थी, उसके बावजूद प्रशासन के कान पर जूँ तक नहीं रेंगी और फिर एक बार बड़ा हादसा सामने आया है। प्रशासन अपनी लापरवाही पर मुंह छुपाता रहा।
पुलिया की वजह से खूनी बनी नहर
इस हादसे का कारण नहर पर बनी संकरी पुलिया को बताया जा रहा है। दरअसल मथुरा से भरतपुर जाने वाला मार्ग चौड़ा है लेकिन नहर पर बनी पुलिया काफी संकरी है जिस वजह से यहाँ आये दिन हादसे होते रहते हैं। इस हादसे से पहले भी कुछ वर्ष पूर्व यहाँ भीषण हादसा हो चुका है जिसमें एक कार इस नहर में जा गिरी थी, उसमें भी कई लोगों की दर्दनाक मौत हुई थी लेकिन प्रशासनिक लापरवाही के चलते इस पुलिया को चौड़ी कराने का काम नहीं कराया गया था। यही वजह है कि रविवार को एक बड़ा हादसा फिर सामने आया।
बरेली में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मथुरा के पास हुए हादसे मे बरेली के दस लोगों के मारे जाने की खबर है। परिवार के अनुसार सभी घर से देर रात बालाजी के दर्शन के लिए निकले थे लेकिन मथुरा के पास एक नदी में कार जा गिरी और मौके पर सभी की मौत हो गई। परिवार में हादसे की खबर से मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतकों का परिवार थाना सुभाषनगर के राजीव कॉलोनी में रहता है। परिवार के अनुसार उन्हें सुबह घटना के सम्बन्ध मे पुलिस ने जानकारी दी थी।












Click it and Unblock the Notifications