'जेल में स्वर्ग का मजा ले रहा था हत्यारोपी', वीडियो वायरल होने पर हटाए गए डिप्टी जेलर, तीन वार्डर निलंबित
बरेली सेंट्रल जेल में बंद हत्यारोपी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बड़ी कार्रवाई की गई है। इस मामले में डिप्टी जेलर को वहां से हटकर लखनऊ मुख्यालय संबद्ध कर दिया गया है।
इसके अलावा जेल में तैनात तीन वार्डर को भी निलंबित कर दिया गया है और दोनों जेलरों से स्पष्टीकरण भी तलब किया गया है। हत्यारोपी ने जेल से इंस्टाग्राम पर लाइव आकर वीडियो बनाया था।

लाइव वीडियो में उसने अपने दोस्तों से बात की थी। इसके अलावा वीडियो में वह यह कहते सुना जा रहा था कि 'स्वर्ग के मजे ले रहा हूं।' वीडियो वायरल होने के बाद हड़कंप मचा था। अब इस मामले में अधिकारियों द्वारा बड़ी कार्रवाई की गई है।
यह है पूरा मामला
दरअसल, शाहजहांपुर के ठेकेदार राकेश यादव को 2 दिसंबर 2019 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में राकेश के भाई राजेश यादव द्वारा आसिफ और उसके सहयोगी राहुल चौधरी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया था।
मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। मौजूदा समय में आसिफ बरेली सेंट्रल जेल में बंद है। बीते दिनों जेल में बंद आसिफ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ।
वायरल वीडियो में चैट के माध्यम से वह अपने दोस्तों से बात करता हुआ नजर आया। वीडियो में आसिफ यह कहते हुए सुना जा रहा है कि चिंता की कोई बात नहीं है। बड़ों के आशीर्वाद से सब ठीक-ठाक है।
इसके अलावा वह यह भी कहता है कि स्वर्ग में मौज ले रहा है। वीडियो में अपने दोस्तों से उसने कहा कि पैसा ही सब कुछ जिंदगी में नहीं होता दोस्त दिल में रहते हैं। संबंध भी महत्वपूर्ण होते हैं।
इस मामले का वीडियो वायरल होने के बाद अधिकारियों द्वारा इसकी जांच कराई गई। जांच में सेंट्रल जेल के संबंधित इलाके में तैनात वार्डर रति शंकर द्विवेदी, हंस जिओ शर्मा और गोपाल पांडे को निलंबित कर दिया गया।
देखें Video
इसके अलावा डिप्टी जेलर विशन सिंह बलदिया को बरेली सेंट्रल जेल से हटकर लखनऊ मुख्यालय अटैच किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। इस मामले में जेलर के खिलाफ भी कार्यवाही की संभावना जताई जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications