बीजेपी ने क्या महिलाओं को 40 फीसदी भागीदारी देने की कर दी शुरूआत, मैनिफेस्टो कमेटी में 3 महिलाएं
लखनऊ, 15 नवंबर: कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और यूपी कांग्रेस की प्रभारी प्रिंयका गांधी ने चुनाव से पहले ही मास्टर स्ट्रोक खेलते हुए विधानसभा चुनाव में 40 फीसदी टिकट महिलाओं को देने की बात कही थी। प्रियंका ने बीजेपी के उन साइलेंट वोटरों पर चोट करने की कोशिश की थी जो हमेशा बीजेपी के लिए वोट करता रहा है। लेकिन बीजेपी ने यूपी की मैनिफेस्टो कमेटी में चालीस फीसदी महिलाओं को जगह देकर अपनी शुरुआत कर दी है। बीजेपी ने इस समिति में तीन महिलाओं को शामिल कर एक साथ कई निशाने साधने की कोशिश की है। हालांकि बीजेपी के अलावा कांग्रेस, सपा की तरफ से भी घोषणा पत्र तैयार करने के लिए कई स्तर पर तैयारियां चल रही हैं जबकि रालोद ने तो 22 सूत्रीय घोषणा पत्र जारी भी कर दिया है।

चुनाव प्रभारी ने ली संगठन की बैठक
2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों से पहले, भाजपा ने एक चुनाव घोषणा पत्र समिति का गठन किया है, जिसकी अध्यक्षता राज्य के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना करेंगे। भाजपा सांसद और उत्तर प्रदेश के पूर्व पुलिस प्रमुख बृज लाल समिति के उपाध्यक्ष होंगे। समिति के सदस्य राजेश वर्मा, विजय पाल तोमर, रीता बहुगुणा जोशी, सीमा द्विवेदी और कांता कर्दम और पार्टी नेता पुष्कर मिश्रा सदस्य होंगे। केंद्रीय शिक्षा मंत्री व प्रदेश के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान पार्टी मुख्यालय में स्वतंत्र देव सिंह और प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल के साथ बैठकर चुनावी तैयारियों पर चर्चा करते रहे। सूत्रों ने बताया कि वाराणसी में संगठन की बैठक में जो रणनीति बनाई, उसे अमलीजामा पहनाने के लिए विचार-विमर्श किया गया। साथ ही वर्तमान में चल रहे अभियानों की भी समीक्षा प्रधान ने की।

पीएम के दावों को काउंटर करने के लिए कांग्रेस ने बनाया था प्लान
पीएम मोदी भी हमेशा अपने भाषणों में दावा करते हैं कि बीजेपी ने अपने साइलेंट वोटरों की एक फौज खड़ी रखी है जो हर चुनाव में बीजेपी को वोट करता है और वो हैं करोड़ों महिलाएं। मोदी की इस चाल का ही जवाब देने के लिए कांग्रेस ने महिलाओं तक पहुंचने के लिए विधानसभा चुनाव में चालीस फीसदी महिलाओं को टिकट देने का ऐलान किया है। क्या कांग्रेस के इस मास्टरस्ट्रोक से बीजेपी की मुश्किलें बढ़ेंगी ये तो आने वाला समय ही बताएगा लेकिन फिलहाल विरोधियों के पास प्रियंका के इस ट्रंप कार्ड का कोई जवाब नहीं है।

कांग्रेस में महिलाओं के अपमान के अलावा कुछ नहीं
समिति में शामिल की गई बीजेपी सांसद और कांग्रेस की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रीता जोशी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि, '' कांग्रेस में महिलाओं को अपमान के सिवाय कुछ नहीं मिलता है। वर्षों कांग्रेस की सेवा करने के बाद मेरे साथ क्या हुआ सबको पता है। कांग्रेस को यदि इतनी ही महिलाओं की चिंता है तो उसने पिछले चुनाव में रायबरेली और अमेठी से महिला उम्मीदवारों को टिकट क्यों नहीं दिया। महाराष्ट्र और राजस्थान में कांग्रेस के भीतर महिलाओं की क्या हालत है यह किसी से छुपा नहीं है। महिलाओं को चालीस फीसदी टिकट देने का वादा सिर्फ चुनावी प्रोपेगेंडा के अलावा कुछ नहीं है। मैने 18 साल तक सेवा की लेकिन मेरे साथ क्या हुआ। मुझे अपमानित किया गया। बीजेपी केवल करती नहीं है करके दिखाती है।''

घोषणा पत्र समिति से पहले बीजेपी ने बनाई थी ज्वाइनिंग कमेटी
राज्य में अगले कुछ ही महीने में विधानसभा चुनाव होने हैं और सभी सियासी दल घोषणा पत्र की तैयारी कर रहे हैं जबकि राज्य में राष्ट्रीय लोकदल ने घोषणा पत्र जारी कर दिया है. जबकि कांग्रेस भी तैयारियों में जुटी है। वहीं बीजेपी ने भी इसका ऐलान किया है। असल में घोषणा पत्र समिति और ज्वाइनिंग कमेटी के संबंध में चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने प्रदेश कार्यालय में प्रदेश प्रभारी राधामोहन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह और प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल के साथ बैठक की थी और इस मुद्दे पर शाम को सीएम के साथ बैठक हुई थी। जिसमें दोनों उपमुख्यमंत्रियों के साथ मंत्री सुरेश खन्ना मौजूद थे।

रालोद ने 31 अक्टूबर को जारी किया था अपना घोषणा पत्र
2022 में उत्तर प्रदेश के अंदर विधानसभा चुनाव होने है। चुनावों में अब कुछ ही महीनों का समय शेष बचा है। ऐसे सत्ताधारी पार्टी बीजेपी समेत सभी राजनीति पार्टियों ने घोषणाओं की झड़ी लगा दी है। तो वहीं, राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) ने अन्य पार्टियों से एक कदम आगे रहते हुए आज अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी कर दिया है। ये घोषणा पत्र जयंत चौधरी ने आज यानी रविवार 31 अक्टूबर को चारबाग स्थित रवींद्रलय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान जारी किया।












Click it and Unblock the Notifications