शख्स के पेट से निकला 29 चम्मच, 19 ब्रश और 2 पेन, ऑपरेशन करते ही डॉक्टर भी हो गए दंग
Hapur shocking medical case: कई बार ऐसे हैरान कर देने वाले मामले सामने आते हैं, जिन पर आसानी से विश्वास कर पाना मुश्किल होता है। उत्तर प्रदेश से ऐसा ही मामला सामने आया है। जिसमें एक शख्स के पेट से 50 से अधिक सामान निकला है। आश्चर्य की बात ये है कि ये ऐसे सामान हैं जिनको गले से निगल पाना असंभव है।
दरअसल इसका खुलासा तब हुआ जब भयंकर पेट दर्द की शिकायत होने पर परिजन मरीज को लेकर डॉक्टरों के पास पहुंचे। जब डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर मरीज का पेट खोला तब उनकी आंखे फटी की फटी रह गईं, जब उन्हें पेट में 29 स्टील के चम्मच, 19 टूथब्रश और 2 नुकीले पेन नजर आए।

यह अजीबो-ग़रीब मामला उत्तर प्रदेश के हापुड़ के देवनंदनी अस्पताल का है। बुलंदशहर निवासी सचिन (40) को पेट दर्द की शिकायत होने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर आए थे। असहनीय पेट दर्द में दवाओं से भी आराम ना मिलने पर डॉक्टरों की ने जांच की।
एक्स-रे और सीटी स्कैन हुआ तब...
डॉक्टरों के मुताबिक, मरीज लंबे समय से पेट दर्द, उल्टी और कमजोरी की शिकायत कर रहा था। जब एक्स-रे और सीटी स्कैन कराया गया, तो डॉक्टरों के होश उड़ गए - उसके पेट में धातु और प्लास्टिक की चीज़ें फंसी हुई नजर आईं।
5 घंटे चली सर्जरी में निकलें ये सामान
हापुड़ के देवनंदनी अस्पताल के डॉक्टर श्याम कुमार ने बताया 5 घंटे लंबी सर्जरी दौरान सचिन के पेट से 29 स्टील के चम्मच, 19 टूथब्रश और दो नुकीले पेन निकाले गए। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन के बाद से मरीज स्वस्थ है
क्यों और कैसे निगल गया 50 से अधिक सामान?
आज तक की रिपोर्ट के अनुसार बुलंदशहर निवासी सचिन नशे की लत से परेशान था। परिजनों ने उसे नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया था। इसी बात से नाराज होकर सचिन ने नशा मुक्ति केंद्र में रहते हुए चम्मच, टूथब्रश और पेन निगलना शुरू कर दिया। जब कुछ दिनों बाद उसकी तबीयत बिगड़ी और उसे अस्पताल लाया गया, तो डॉक्टरों ने जांच के बाद ऑपरेशन करने का फैसला किया।
डॉक्टरों की टीम भी रह गई दंग
ऑपरेशन में शामिल डॉक्टर ने कहा, "हमने अपने करियर में ऐसा मामला पहले कभी नहीं देखा। यह चमत्कार है कि मरीज की जान बच गई।"
सचिन को क्या कोई बीमारी है?
डाक्टरों ने बताया मरीज अब स्थिर है, लेकिन इस अजीब व्यवहार के पीछे का कारण मानसिक बीमारी बताया जा रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह मामला 'पिका डिसऑर्डर' (Pica Disorder) या किसी गंभीर मानसिक विकार से जुड़ा हो सकता है, जिसमें व्यक्ति खाने योग्य न होने वाली वस्तुएं निगलता है।












Click it and Unblock the Notifications