दुल्हन से प्यार का इजहार दूल्हे को पड़ा भारी, स्टेज पर चढ़ कर लड़की वालों ने बारातियों को पीटा, 6 घायल
शादी समारोह दूल्हा-दुल्हन के साथ-साथ उनके परिवारवालों के लिए भी एक सेलिब्रेशन का मौका होता है। बदलते वक्त के साथ नए-नए ट्रेंड शादियों में देखने को मिलते हैं। लेकिन इन ट्रेंड को फॉलो करना एक दूल्हे को भारी पड़ गया। देखते ही देखते शादी का माहौल जंग के मैदान में तब्दील हो गया।
मामला उत्तर प्रदेश के हापुड का है। यहां सोमवार को अपनी शादी के दौरान एक दूल्हे का अपनी दुल्हन के लिए सार्वजनिक तौर पर प्यार दिखाना कई लोगों के चोटिल होने का कारण बन गया। दरअसल, दूल्हे ने जयमाला के बाद सभी के सामने दुल्हन को चूम लिया। इस बात को लेकर उनके परिवारों के बीच झड़प हो गई।

हापुड के अशोक नगर में विवाह स्थल उस समय युद्ध के मैदान में बदल गया जब वरमाला समारोह के दौरान दूल्हा-दुल्हन द्वारा एक दूसरे को चूमने के बाद दुल्हन के परिवार ने मंच पर दूल्हे के रिश्तेदारों की पिटाई कर दी। दूल्हे की हरकत से गुस्साए लड़की पक्ष के लोगों और लड़का पक्ष के बीच बहस होने लगी। इसके तुरंत बाद, दुल्हन के परिवार के सदस्य लाठी-डंडे लेकर स्टेज पर चढ़ गए और दूल्हे के परिवार के साथ मारपीट की। मारपीट में दुल्हन के पिता समेत छह लोग घायल हो गये।
आननफानन में मौके पर पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने दोनों परिवारों के सात लोगों को हिरासत में लिया गया। घायलों को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। पुलिस के मुताबिक, दुल्हन के पिता ने सोमवार रात अपनी दो बेटियों की शादी तय की थी। जहां पहली शादी बिना किसी परेशानी के संपन्न हो गई, वहीं दूसरे समारोह में स्थिति बिगड़ गई।
दुल्हन के परिवार ने आरोप लगाया कि दूल्हे ने मंच पर उसे जबरन चूमा, जबकि दूल्हे ने कहा कि दुल्हन ने वरमाला समारोह के बाद चूमने पर जोर दिया था। हापुड के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी राजकुमार अग्रवाल ने बताया कि मामले में अभी तक किसी भी परिवार की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है और शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। छह लोगों पर भारतीय दंड संहिता की धारा 151 के तहत सार्वजनिक शांति भंग करने का आरोप लगाया गया है।












Click it and Unblock the Notifications